-पोते-पोती को ट्यूशन से वापस लेने के लिए गई थी बुजुर्ग महिला
-घटना के बाद से सोसायटी के लोगों में भारी नाराजगी
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की विभिन्न सोसायटी में समय-समय पर लिफ्ट फ्री फॉल होने की घटनाएं होती रहती हैं। सोमवार रात में ईकोविलेज-1 सोसायटी में लिफ्ट फ्री फॉल होकर 8 मंजिल पर आकर रुकी। घटना में लिफ्ट में सवार एक बुजुर्ग महिला के पैर में फैक्चर हो गया, एक्सरे में पता चला है कि पैर की चार अंगुली टूट गई है। लिफ्ट में महिला के साथ उसके पोता व पोती भी थे, गनीमत रही कि दोनों बच्चों को चोट नहीं आई। घटना के बाद से सोसायटी के लोगों में नाराजगी है, लोगों ने मेंटेनेंस प्रबंधन से नाराजगी जताई है।
Greater Noida: ईकोविलेज एक सोसायटी में लिफ्ट हुई फ्री फाल, घटना में बुजुर्ग महिला के पैर की चार अंगुली टूटी। लिफ्ट में सवार महिला के पोते व पोती सुरक्षित @dmgbnagar @GreaterNoidaW @nefowaoffice @NEFOMAncr pic.twitter.com/CjN3IAqmQy
— The News गली (@The_News_Gali) February 17, 2026
टावर G-5 की घटना
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सुपरटेक इको विलेज-1 सोसाइटी के एफ-7 टावर में रीना प्रसाद (65) रहती हैं। रीना प्रसाद ने बताया कि वह देर शाम टावर G5 में ट्यूशन गए अपने पोते-पोती को लेने गई थीं। 14वीं मंजिल से पोते-पोती के साथ लिफ्ट में सवार होकर नीचे आ रही थीं, तभी गेट बंद होते ही लिफ्ट में अचानक लाइट चली गई और वह फ्री फॉल हो गई। लिफ्ट 13वीं मंजिल से 8वीं मंजिल पर तेज झटके के साथ रुकी। इस दौरान रीना प्रसाद अपना संतुलन खो बैठीं और लिफ्ट के अंदर ही गिर गईं। उनके साथ मौजूद पोते-पोती को चोट नहीं आई, लेकिन रीना प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गईं और उठने में असमर्थ थीं। पोते की मदद से वह बाहर निकलीं और गार्ड को घटना की जानकारी दी। परिवार के लोग उन्हें लेकर पास के एक अस्पताल गए। जांच में पता चला कि पैर की हड्डी तीन जगह से टूट गई है।
