द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना जारचा में कोर्ट के आदेश पर एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि एक सामाजिक संस्था के चार लोगों ने महिलाओं के उत्थान के नाम पर उन्हें अपने जाल में फंसाया तथा 2 हजार से ज्यादा महिलाओं से लाखों की रकम की ठगी कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जून 2023 से शुरू हुआ मामला
थाना जारचा पुलिस ने बताया कि बीती रात को रेखा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 23 जून वर्ष 2023 को उनके गांव चैना में फतेह सिंह नामक व्यक्ति आए। उन्होंने जितेंद्र कुमार नामक व्यक्ति से उन्हें मिलवाया। जितेंद्र ने महिला को बताया कि कि वह तथा उनके भाई रविंद्र पत्नी पूजा एक सामाजिक संस्था चलाते हैं। इसका अध्यक्ष सौरभ जैन है। पीड़िता के अनुसार इन लोगों ने उनसे कहा कि वह 14 महिलाओं का एक समूह बनाए तथा 1900 प्रति महिला के हिसाब से उनकी संस्था में जमा कराए। उन्होंने कहा कि 14 महिलाओं के समूह को उनकी संस्था के तरफ से 1,40,000 रूपए दिया जाएगा। जिससे वे अपना कारोबार शुरू करेंगी।
बात पर किया विश्वास
उन्होंने बताया कि महिला ने उनकी बात पर विश्वास कर लिया। आरोपियों ने उनसे तथा इसी तरह से आसपास के क्षेत्र में रहने वाली करीब 2,250 महिलाओं से लाखों रुपए ले लिया तथा उन्हें कोई लोन नहीं दिया। पुलिस ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर इस मामले में पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
