
द न्यूज गली, नोएडा : हरियाणा होडल के रहने वाले एक व्यक्ति ने बहू समेत सात लोगों पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने कोर्ट के आदेश पर घटना के करीब चार साल बाद सेक्टर 49 थाने में सात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
वर्ष 2019 में हुई थी शादी
हरियाणा होडल के लखमीचंद जैन के बेटे पारस जैन की नवंबर 2019 में राजस्थान भरतपुर की खुशबू जैन से शादी हुई थी। दोनों के एक बेटा भी हुआ था। बेटा-बहू नौकरी के चलते पोते के साथ सेक्टर 49 थाना क्षेत्र नोएडा में आकर रहते लगे। अंकुर ने 2021 में अपने पिता लखमीचंद को बताया था कि खुशबू का हिम्मत नाम के व्यक्ति से प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसके चलते अंकुर मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। तीन व चार अप्रैल 2021 की रात को खुशबू का फोन आया कि अंकुर की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। लखमीचंद ने होडल ले जाकर बेटे का अंतिम संस्कार कर दिया।
बैंक खाते से मिली जानकारी
बेटे के बैंक खाते आदि के बारे में जानकारी की तो पता चला कि खुशबू ने अपने भाई पारस, पिता अजीत, हिम्मत यादव, सतेंद्र, गोलू उर्फ पंकज व अवधेश के साथ मिलकर जालसाजी कर 14 लाख रुपये निकाल लिये हैं। लखमीचंद उस दौरान नोएडा आए तो आरोपितों ने धमकी देकर भगा दिया। उन्होंने पड़ोस में पता किया तो जानकारी मिली की तीन अप्रैल को घर में लड़ाई हो रही थी और तेज आवाज आ रही थी। उसके बाद रात में कोई बड़ा सामान कार में रखकर ले जा रहे थे और कोई अन्य व्यक्ति अंकुर की बाइक लेकर गया था। लखमीचंद ने शक जताया है कि उनके बेटे की हत्या कर सड़क हादसा होना दिखाया गया है। पीड़ित ने कोर्ट में गुहार लगाई। थाना पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर खुशबू, पारस, अजीत, हिम्मत, सतेंद्र, गोलू व अवधेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस बारीकी से मामले की जांच कर रही है।