-फॉर्च्यून 500 कंपनियों में शामिल होने के कारण प्रदान किया अनुदान
-कंपनी 20,00,000 यूनिट स्विच व सेंसर का करेगी निर्माण

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में कंपनियों को लगातार जमीन का आवंटन किया जा रहा है। मैसर्स स्पार्क मिंडा टोयोडेंसो इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को सेक्टर 8D में 7 एकड़ का आवंटन किया गया था। शुक्रवार को यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश सिंह व शैलेंद्र भाटिया ने कंपनी के अधिकारियों को जमीन का आवंटन पत्र सौंपा। उत्तर प्रदेश शासन की निवेश प्रोत्साहन नीति के अंतर्गत फॉर्च्यून 500 कंपनियों में शामिल होने के कारण कंपनी को सहायक अनुदान प्रदान किया गया है। इस अवसर पर अमित जालान, प्रमुख (कॉरपोरेट मामलों), मिंडा ग्रुप भी उपस्थित थे।

स्विच व सेंसर का उत्‍पादन
मैसर्स स्पार्क मिंडा टोयोडेंसो इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा इस परियोजना में लगभग 20,00,000 यूनिट स्विच, सेंसर एवं अन्य संबंधित ऑटो स्विच प्रणाली का उत्पादन किया जाएगा। इस परियोजना पर कंपनी द्वारा लगभग 220 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इस परियोजना की स्थापना से क्षेत्र में कई प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। ज्ञात हो कि स्पार्क मिंडा ग्रुप की कंपनी मिंडा कॉरपोरेशन लिमिटेड की भारत सहित वियतनाम, इटली, जापान और इंडोनेशिया में कुल 27 उत्पादन इकाइयाँ वर्तमान में संचालित हैं। कंपनी वैश्विक स्तर पर मेकेट्रॉनिक्स, सूचना एवं कनेक्टेड सिस्टम, प्लास्टिक एवं इंटीरियर, आफ्टरमार्केट उत्पाद तथा इलेक्ट्रिक वाहन और इलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में कार्यरत है। कंपनी द्वारा पुणे और बेंगलुरु में अनुसंधान एवं विकास केंद्र भी स्थापित किए गए हैं।