-लोगों ने चुनाव अधिकारी पर लगाया गंभीर आरोप
-मामले की शिकायत के लिए डीएम के पास पहुंचे सेक्‍टर के लोग

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: अल्‍फा एक सेक्‍टर के लोगों को इस बात की खुशी थी कि 15 वर्ष बाद वोट के माध्‍यम से RWA का चुनाव होगा। मतदाता बनने के लिए लगभग 226 लोगों ने आवेदन भी किया था। आश्‍चर्य की बात है कि नई मतदाता सूची के लिए आवेदन करने वाले एक भी मतदाता का नाम नई सूची में शामिल नहीं हुआ। और तो और लोगों का आरोप है कि नई मतदाता सूची में लगभग 78 ऐसे लोगों का नाम है जो अब सेक्‍टर में नहीं रहते हैं, उन्‍होंने सेक्‍टर की अपनी प्रापर्टी बेंच दी है। ऐसे में RWA का चुनाव विवादों में घिरता जा रहा है। इस कारण सेक्‍टर के लोगों में भारी नाराजगी है।

डीएम के पास पहुंचे लोग
सेक्‍टर के लोगों का कहना है कि सेक्‍टर में RWA की पुरानी मतदाता सूची 309 लोंगों की थी। नियम के तहत RWA का मतदाता वही बन सकता है जिसके नाम सेक्‍टर में प्रापर्टी हो। जांच में सामने आया है कि लगभग 78 लोग अपना मकान बेच चुके हैं बावजूद नई सूची में उनका नाम है। नई मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए लगभग 226 लोगों ने आवेदन किया था, सभी ने अपना पैसा RWA के बैंक अकाउंट में जमा भी कर दिया था। चुनाव अधिकारी ने सभी लोगों की रजिस्‍ट्री भी चेक की थी। बावजूद नई मतदाता सूची में लोगों का नाम शामिल नहीं किया गया। लोगों का कहना है कि पुरानी मतदाता सूची से कुछ लोगों का नाम भी काट दिया गया। जबकि वह सेक्‍टर में ही रह रहे हैं। दो दिन पूर्व सेक्‍टर में नामांकन फार्म लेने के दौरान विवाद भी हो चुका है। सभी मामलों में विरोध दर्ज कराने के लिए सेक्‍टर के लोग डीएम मेधा रूपम से मिलने के लिए गए हैं।