
द न्यूज गली, नोएडा : भारतीय सेना से रिटायर्ड 85 वर्षीय व्यक्ति को उपचार करने के नाम पर दो लोगों ने अपने जाल में फंसाया तथा उनसे 3 लाख 40 हजार रुपए की ठगी कर ली। पीड़ित की बेटी की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सीमा मलिक ने दर्ज कराई रिपोर्ट
थाना सेक्टर 20 के प्रभारी डीपी शुक्ला ने बताया कि सीमा मलिक ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके माता-पिता सेक्टर 29 में रहते हैं जो की आर्मी से रिटायर्ड है। उनके अनुसार 19 फरवरी को उनके पिता सेक्टर 29 स्थित ब्रह्मपुत्र मार्केट में शाम 5 बजे के करीब घूमने के लिए गए थे। वहां पर मनीष अग्रवाल नामक एक व्यक्ति उन्हें मिला। उसने कहा कि वह एक डॉक्टर को जानता है जो उनके हाथ का उपचार ठीक से कर सकता है। उसने महिला के पिता का फोन नंबर ले लिया। फिर उसने बुजुर्ग को एक डॉक्टर का फोन नंबर दिया।
पिता ने किया डाक्टर को फोन
अगले दिन उनके पिताजी ने डॉक्टर को फोन किया और कहा कि क्या वह उनका इलाज करने के लिए घर आ सकते हैं। डॉक्टर ने कहा कि वह एक हजार रुपए कंसल्टेंसी फीस लेंगे। पीड़ित के अनुसार डॉक्टर 20 फरवरी को दोपहर के समय उनके पिता के घर पहुंचा। उसने कहा कि आपके उपचार की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसकी कीमत करीब 5 लाख रुपए है। जब रिटायर्ड सैन्य अधिकारी ने इतने पैसे देने से मना किया तो उसने कहा कि मैंने प्रक्रिया शुरू कर दी है। आपको डिस्काउंट दूंगा। छूट के बाद आप मुझे 3 लाख 40 हजार रुपए दे दो। सीमा मलिक के अनुसार उनके पिता की उम्र 85 वर्ष है। उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं है। डॉक्टर ने उन्हें अपनी बातों में फंसाकर सम्मोहित कर लिया तथा उनसे 3,40,000 लेकर चला गया। उसके बाद मनीष अग्रवाल और डॉक्टर आर जरीवाला का फोन स्विच ऑफ आ रहा है।