द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट में आयोजित ELECRAMA 2025 प्रदर्शनी के तहत सोमवार को पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह ने IEEMA बूथ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित “Women in Power Conclave” में उन्होंने “Beyond Boundaries – Women, Leadership and the Future of Power” विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने महिला नेतृत्व, शक्ति और उनके उज्ज्वल भविष्य को लेकर महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।

महिलाओं के नेतृत्व को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की जरूरत
इस संवाद के दौरान पुलिस कमिश्नर ने बताया कि महिलाओं की भूमिका अब सिर्फ एक सीमित दायरे तक नहीं रह गई है, बल्कि वे हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि महिलाओं को अपने करियर और परिवार के बीच किसी एक को चुनने की मजबूरी न हो, इसके लिए समाज में सकारात्मक बदलाव की आवश्यकता है। लक्ष्मी सिंह ने कहा महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ अपने अवसरों को अपनाना चाहिए। समाज को यह समझना होगा कि घर और कार्यस्थल दोनों की जिम्मेदारियों को समान रूप से साझा करना ही सही दिशा में एक कदम है।

महिला सुरक्षा और समान अवसरों पर पुलिस की पहल
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई अहम कदम उठाए गए है। पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है और महिला पुलिस कर्मियों को नेतृत्व की जिम्मेदारियां सौंपी जा रही है। “हमारा उद्देश्य महिलाओं को हर क्षेत्र में समान अवसर देना है। पुलिस बल में भी कई सकारात्मक बदलाव किए गए है, जिससे महिलाओं को अधिक अवसर और समर्थन मिल सके।” उन्होंने आगे बताया कि महिला सुरक्षा के लिए सामुदायिक पुलिसिंग को भी मजबूत किया गया है, जिससे समाज में महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता बढ़े।

महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने की जरूरत
इस कॉन्क्लेव के माध्यम से महिलाओं के अधिकारों और उनके नेतृत्व को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया गया। इस तरह के आयोजन महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा देते है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह का कहना है कि महिलाओं का आत्मनिर्भर होना सिर्फ उनके व्यक्तिगत विकास के लिए नहीं, बल्कि पूरे समाज के विकास के लिए जरूरी है।