-मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने अच्‍छा कार्य करने पर 243 बीएलओ को किया सम्‍मानित
-मतदाताओं से मिले सुझाव को मूर्तरूप देने का आदेश

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने जनपद भ्रमण के दौरान विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मिलेनियम पब्लिक स्कूल, सेक्टर 119 नोएडा स्थित नोटिस सुनवाई केंद्र का निरीक्षण किया तथा पंचशील बालक इंटर कॉलेज, सेक्टर 91 नोएडा में विधानसभा 61-नोएडा, 62-दादरी एवं 63-जेवर के बीएलओ एवं सुपरवाइजरों से संवाद स्थापित किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मिलेनियम पब्लिक स्कूल स्थित नोटिस सुनवाई केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं, कार्यप्रणाली, शिकायत निस्तारण व्यवस्था एवं नागरिकों को प्रदान की जा रही सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र पर उपस्थित नागरिकों एवं मतदाताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उपस्थित RWA व AOA के प्रतिनिधियों के वार्ता कर सुझाव लिए एवं SIR प्रक्रिया में उनके द्वारा दिए जा रहे उत्कृष्ट सहयोग की प्रशंसा की। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिले में चल रहे SIR कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। भविष्य में भी इसी प्रकार सजगता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 243 बीएलओ को प्रशस्ति पत्र एवं ओडीओपी उपहार भेंट कर सम्मानित भी किया।

शालीन व्‍यवहार का निर्देश
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने नोटिस सुनवाई केंद्रों पर आने वाले नागरिकों के साथ शालीन व्यवहार, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है और प्रशासन का दायित्व है कि प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान के अधिकार के प्रयोग में कोई असुविधा न हो। उन्होंने विभिन्न स्तरों पर मतदाता जागरूकता कैंप लगाने के निर्देश दिए, जिससे अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को शामिल किया जा सके। निरीक्षण के बाद पंचशील बालक इंटर कॉलेज नोएडा में आयोजित संवाद कार्यक्रम में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों से मतदाता सूची के अद्यतन कार्य, नए मतदाताओं के पंजीकरण, नाम संशोधन, स्थानांतरण एवं विलोपन से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। इस अवसर पर बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों ने अपने अनुभव भी साझा किए व उनके अच्छे कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को जनपद में संचालित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति, जनजागरूकता गतिविधियों तथा बीएलओ के माध्यम से किए जा रहे घर घर सत्यापन कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है।