-18 वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री ने भेजा वीडि़यो संदेश
-विश्वविद्यालय के 17 वर्षों के इतिहास पर डाला गया प्रकाश
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में शनिवार को 18वां स्थापना दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन हुआ। वीडि़यो संदेश भेज कर प्रदेश के मुख्यमंत्री व जीबीयू के कुलाधिपति योगी आदित्यनाथ ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों को सराहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी संस्थान की उन्नति इस बात पर निर्भर करती है कि उससे जुड़े लोग कितने ओजस्वी, कर्मठ, प्रतिभाशाली और दूरदर्शी हैं। विश्वविद्यालय का सौभाग्य है कि इसे अनुभवी शिक्षाविदों, दृढ़-प्रतिज्ञ कर्मचारियों और मेधावी छात्रों का सानिध्य प्राप्त हुआ। जिसका परिणाम है की विश्वविद्यालय ने शिक्षा और शोध में नए कीर्तिमान बनाए हैं। विश्वविद्यालय ने भारतीय ज्ञान प्रणाली के साथ-साथ आधुनिक शिक्षा व्यवस्था को बहुत अच्छा अपनाया है। विश्वविद्यालय के कुलपति, शिक्षाविद, कर्मचारी और विश्वविद्यालय जुड़े सभी लोग इसके लिए बधाई के पात्र हैं।
इतिहास पर प्रकाश
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने विश्वविद्यालय की 17 वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय ने शिक्षा, अनुसंधान, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में निरंतर प्रगति की है। आने वाले समय में यह संस्था विकसित भारत के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान देगी। समारोह के मुख्य अतिथि प्रो. केके अग्रवाल, प्रेसिडेंट साउथ एशियन यूनिवेसिटी , न्यू दिल्ली ने कहा कि उन्होंने विश्वविद्यालय की प्रगति को स्थापना काल से देखा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय, युवाओं को कौशल और ज्ञान के साथ-साथ निरंतर विकास की दिशा में कार्यरत है । विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल और केवल छात्रों का सर्वांगीण विकास है।


