-फॉक्सकॉन के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में दिए दिशा निर्देश
-विकास की सभी योजनाओं को समय पर पूरा कराने का निर्देश

द न्‍यूज गली, नोएडा: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने नोएडा के सेक्टर-38 में जिला प्रशासन, पुलिस एवं प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में जनपद की कानून व्यवस्था की स्थिति और विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के साथ-साथ सभी विकास परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए और योजना संचालन में पारदर्शिता बनी रहे।

राज्‍य में निवेश हो आकर्षित
मुख्यमंत्री ने यमुना विकास प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर 28, ई-01 में फॉक्सकॉन (Hon Hai Precision Industry Co., Ltd.) द्वारा 48 एकड़ में लगभग 4000 करोड़ की लागत से बनाए जा रहे विकसित उत्तर प्रदेश के पहले सेमीकंडक्टर पार्क के प्रस्तावित कार्यक्रम की भी समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस परियोजना को आधुनिक तकनीक और वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित किया जाए, जिससे राज्य में निवेश आकर्षित हो और रोजगार सृजन में वृद्धि हो। इस सेमीकंडक्टर पार्क के बनने से लगभग 3000 लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि परियोजना के संचालन में पर्यावरणीय मानकों का पालन किया जाए और स्थानीय लोगों को इससे अधिकतम लाभ मिले। इस अवसर पर तीनों प्राधिकरणों के मुख्य कार्यपालक अधिकारी, पुलिस आयुक्त, जिलाधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।