-पूर्व क्रिकेटर कपिल देव का है अस्‍पताल
-मुख्‍यमंत्री ने यूपी को बताया भारत का ग्रोथ इंजन

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने ग्रेटर नोएडा वेस्‍ट के सेक्‍टर 10 में बने केडीएसजी अस्‍पताल का उदघाटन किया। यह अस्‍पताल पूर्व क्रिकेटर कपिल देव का है। इस अवसर पर मुख्‍यमंत्री ने कहा कि 300 बेड के इस अस्‍पताल में दिल्‍ली-एनसीआर के लोगों को स्‍वास्‍थ्‍य की अच्‍छी सुविधा मिलेगी। साथ ही 1000 लोगों को रोजगार भी मिला है। कहा कि सभी को अच्‍छी स्‍वास्‍थ्‍य सुविधा प्रदेश सरकार के द्वारा उपलब्‍ध कराई जा रही है। स्‍वास्‍थ्‍य में निजी क्षेत्र की भी बड़ी सहभागिता है। उन्‍होंने उम्‍मीद जताई की अस्‍पताल में लोगों को सही, सस्‍ती व विश्‍वसनीय सुविधा मिलेगी। भाषण के दौरान उन्‍होंने कहा कि यदि डाक्‍टर का व्‍यवहार अच्‍छा हो तो मरीज की आधी बीमार स्‍वयं ही ठीक हो जाती है।

यूपी को बताया ग्रोथ इंजन
योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि जो यूपी कभी पहचान को तरसता था आज वह भारत का ग्रोथ इंजन है। कहा प्रदेश में गौतमबुद्ध नगर विकास का केंद्र बनकर उभरा है। यहां पर बन रहा भारत का सबसे बड़ा एयरपोर्ट जल्‍द ही तैयार हो जाएगा। कहा देश की 55 प्रतिशत मोबाइल मैन्‍यूफैक्‍चरिंग नोएडा में हो रही है, नोएडा में देश के 60 प्रतिशत इलेक्ट्रिक कंपोनेंट तैयार हो रहे हैं। साथ ही यहां पर फिल्‍म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क के साथ ही लाजिस्टिक व कार्गों केंद्र भी हैं। योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि देश में 60 करोड़ लोगों को आयुष्‍मान कार्ड से उपचार की निशुल्‍क सुविधा दी जा रही है। उत्‍तर प्रदेश में 5 करोड़ लोग गोल्‍डन कार्ड की सुविधा से स्‍वास्‍थ्‍य लाभ ले रहे हैं। जिन लोगों के कार्ड नहीं बने हैं उन्‍हें पिछले लगभग एक वर्ष में 1300 करोड़ रुपए मुख्‍यमंत्री स्‍वास्‍थ्‍य योजना के तहत दिए गए हैं।