-शिकायत के आधार पर पुलिस ने दर्ज कर लिया है मुकदमा
-फुटेज के आधार पर चोरी करने वाली महिलाओं की तलाश में जुटी है पुलिस

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: जेवर कोतवाली क्षेत्र में एक सुनार की दुकान पर खरीदारी करने के लिए आई महिलाओं ने बड़ा हाथ मार दिया। दुकानदार को अपनी बातों में फंसाकर महिलाओं ने सोने के आभूषण चोरी कर लिए। जो आभूषण चोरी किए उसका वजन लगभग 100 ग्राम बताया जा रहा है। वर्तमान कीमत के आधार पर चोरी हुए सोने की कीमत लगभग 15 लाख रुपए है। चोरी की घटना दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।


उड़ गए होश
सुनार की दुकान पर 5 महिलाएं खरीदारी के लिए आती हैं। सीसीटीवी में उनके साथ एक बच्‍चा भी दिख रहा है।
एक आभूषण लेकर महिलाएं उसे देखती रहती हैं। गैंग की एक महिला दुकानदार को अपनी बातों में उलझा कर रखती है। इस दौरान मौका पर एक महिला सोने के आभूषण चुरा लेती है। कुछ देर बाद गहने पसंद न आने की बात कहकर चली जाती हैं। घटना के कुछ देर बाद दुकानदार को गहने चोरी होने की जानकारी मिलती है। जब उसने सीसीटीवी चेक किया तो चोरी का पता चला। सीसीटीवी में दिख रहे महिलाओं के चेहरे के आधार पर पुलिस उनकी तलाश कर रही है।