-नवरात्र में एयरपोर्ट के उदघाटन की लगाई जा रही अटकलें
-एयरपोर्ट को दो दिनों में मिली दो सफलता
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा:नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उदघाटन का लंबा इंतजार जल्द ही समाप्त होने वाला है। लंबी प्रक्रिया के बाद शुक्रवार को शुभ घड़ी आई और एयरपोर्ट के लिए एयरोड्रम लाइसेंस मिल गया। यह लाइसेंस डीजीसीए के द्वारा जारी किया गया है। लाइसेंस मिलने के बाद यमुना प्राधिकरण के अधिकारी खुशी से झूम उठे। एयरोड्रम लाइसेंस का इंतजार पिछले लंबे समय से किया जा रहा था। अधिकारियों का कहना है कि एयरोड्रम लाइसेंस मिलने के बाद अब सारी बाधाएं दूर हो गई हैं। जल्द ही एयरपोर्ट के उदघाटन की तिथि भी घोषित हो जाएगी। संभावना जताई जा रही है कि नवरात्र में उदघाटन हो सकता है।
दो दिन में दो लाइसेंस
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अथारिटी को दो दिनों में दो महत्वपूर्ण सफलता मिली है। एक दिन पूर्व ही जांच की लंबी प्रक्रिया के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की एंटी हाइजैकिंग योजना को बकास ने मंजूरी दी थी। यह मंजूरी एयरपोर्ट पर लगे उपकरणों को जांचने के बाद नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (बकास) ने दी थी। योजना के तहत ही एयरपोर्ट पर एंटी हाईजैकिंग कंटीजेंसी प्लान तैयार किया गया था। सभी जरूरी उपकरण एयरपोर्ट पर लगने के बाद बकास खुद इसका परीक्षण किया था। करीब चार महीने से एयरपोर्ट पर इन उपकरणों को लगाए जाने के बाद जांच चल रही थी। जिससे कोई भी विमान हाइजैक न हो सके। लंबे समय तक चली परीक्षण की प्रक्रिया के बाद बकास ने प्लान को मंजूरी दे दी थी। शुक्रवार को अंतिम एयरोड्रम लाइसेंस का अंतिम इंतजार भी पूरा हो गया।
