-रक्षाबंधन त्योहार पर हो सकती है मुआवजा बढ़ने की घोषणा
-किसानों के द्वारा लंबे समय से की जा रही मुआवजा बढ़ाने की मांग
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: जमीनों का मुआवजा बढ़ाने की मांग किसानों के द्वारा पिछले लंबे समय से की जा रही है। मांग के समर्थन में किसानों के द्वारा लगातार आंदोलन भी किया जाता है। किसानों की मांग रक्षाबंधन पर्व पर पूरी होने की उम्मीद है। विधायक धीरेंद्र सिंह का कहना है कि ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के किसानों के लिए रक्षाबंधन का पर्व बड़ी सौगात लेकर आ सकता है। किसानों के मुआवजे, आबादी भूखंडों और अवशेष किसानों के 64 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजे से जुड़े विषयों पर शासन एवं सरकार स्तर पर हुई सकारात्मक वार्ता के पश्चात अब शीघ्र महत्वपूर्ण नतीजे सामने आने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का किसानों के प्रति सकारात्मक, संवेदनशील और समाधानपरक दृष्टिकोण ही है कि जिन किसानों के लिए मुआवजे की दर लगभग 4,125 प्रति वर्ग मीटर थी, उन्हें अब 6,400 प्रति वर्ग मीटर से भी अधिक की दर से मुआवजा मिलने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। जिसकी घोषणा जल्द हो सकती है।
बनेगी नई योजना
धीरेंद्र सिंह का कहना है कि किसानों के लिए एक और महत्वपूर्ण पहल हुई है। जिसके तहत भविष्य में जब भी किसी परियोजना के लिए किसानों से भूमि क्रय अथवा अर्जित की जाएगी, उसी प्रक्रिया के साथ किसानों को दिए जाने वाले आबादी भूखंडों के विकास की व्यवस्था भी साथ-साथ सुनिश्चित किए जाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इससे किसानों को आबादी भूखंड प्राप्त करने के लिए वर्षों तक प्राधिकरण के चक्कर लगाने की समस्या से राहत मिलेगी। विधायक का कहना है कि हमारा प्रयास ऐसी व्यवस्था स्थापित कराने का है, जिसमें किसान जमीन देने के बाद अपने अधिकारों के लिए भटकता न रहे। परियोजना विकसित हो तो किसान का आबादी भूखंड भी उसी के साथ विकसित हो। उन अवशेष किसानों के विषय में भी शासन स्तर पर गंभीर मंथन चल रहा है, जिन्हें अभी तक 64 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजे का लाभ नहीं मिल पाया है। इस संबंध में भी शीघ्र सकारात्मक निर्णय और घोषणा होने की उम्मीद है। किसानों से जुड़े सभी लंबित विषयों को चरणबद्ध तरीके से समाधान तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है और उन्हें विश्वास है कि आने वाले समय में शेष किसानों को भी राहत मिलेगी। धीरेंद्र सिंह ने इन सभी मामलों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया।
जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने किसानों के इन महत्वपूर्ण विषयों को लगातार सरकार और शासन के समक्ष उठाने में सहयोग देने के लिए जनपद के अन्य जनप्रतिनिधियों का भी आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने दादरी विधायक तेजपाल नागर, नोएडा विधायक पंकज सिंह, एमएलसी नरेन्द्र भाटी तथा एमएलसी श्रीचंद शर्मा का विशेष रूप से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन सभी जनप्रतिनिधियों ने समय-समय पर किसानों के मुआवजे, आबादी भूखंडों तथा अन्य लंबित समस्याओं को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया और उनके समाधान के प्रयासों में निरंतर सहयोग दिया।
