-यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण कार्यालय में हुई अहम बैठक
-विधायक ने कहा किसानों ने प्रदेश व देश के लिए दी बहुमूल्‍य जमीन

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा स्थित यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण कार्यालय में नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट परियोजना से प्रभावित परिवारों के बच्चों को रोजगार उपलब्ध कराने के विषय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के चेयरमैन राकेश कुमार सिंह, विधायक धीरेंद्र सिंह व अन्‍य अधिकारी मौजूद थे। बैठक में धीरेन्द्र सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिन कृषक परिवारों ने नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के निर्माण के लिए अपनी जमीन दी है, उनके बच्चों को रोजगार उपलब्ध कराना किसी प्रकार का उपकार नहीं, बल्कि उनका वैधानिक और नैतिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि यह दायित्व एयरपोर्ट निर्माण करने वाली कंपनी और सरकार दोनों का है कि प्रभावित परिवारों के युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार प्रदान किया जाए।

किसानों ने दी जमीन
विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि जेवर क्षेत्र के किसानों ने प्रदेश और देश के विकास के लिए अपनी बहुमूल्य भूमि दी है, इसलिए यह आवश्यक है कि उनके परिवारों के युवाओं को एयरपोर्ट और उससे जुड़ी परियोजनाओं में स्थानीय प्राथमिकता के आधार पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। विधायक ने बताया कि इस विषय पर संबंधित अधिकारियों के साथ अंतिम चरण की सकारात्मक वार्ता हुई है और जल्द ही इस दिशा में ठोस निर्णय सामने आने की उम्मीद है।  जिससे प्रभावित परिवारों के युवाओं को रोजगार के अवसर सुनिश्चित हो सकें। विधायक ने कहा कि उनका प्रयास है कि जेवर क्षेत्र के किसान और उनके परिवार विकास की इस ऐतिहासिक परियोजना के वास्तविक भागीदार बनें, जिससे क्षेत्र में समृद्धि और रोजगार के नए अवसर पैदा हों।