-साहित्य प्रेमी मंडल की स्थापना के 40 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित हुआ कार्यक्रम
-वरिष्ठ कवि व साहित्य प्रेमी मंडल के सलाहकार मुकेश शर्मा के नेतृत्व में आयोजित हुआ कार्यक्रम
द न्यूज गली, दिल्ली : साहित्य प्रेमी मंडल की स्थापना के चालीस वर्ष पूर्ण होने के शुभ अवसर पर भव्य स्वर गंगा कवि सम्मेलन तथा सम्मान समारोह का आयोजन हिंदी भवन, दिल्ली में किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय सड़क एवं परिवहन राज्य मंत्री भारत सरकार हर्ष मल्होत्रा के द्वारा डाक्टर विष्णु सक्सेना को काव्य किशोर सम्मान प्रदान किया गया। कविवर डाक्टर हरिओम पंवार को साहित्य भारती सम्मान, गीतकार बलराम श्रीवास्तव को निरालाश्री सम्मान और पद्मश्री डाक्टर सुरेंद्र दुबे को अल्हड़ बीकानेरी हास्य रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया। वरिष्ठ कवि मुकेश शर्मा ने बताया कि सम्मानित किए जाने वाले प्रत्येक कवि को इक्यावन हजार रुपये सम्मान राशि, प्रशस्ति पत्र, अंग वस्त्र और प्रतीक चिन्ह प्रदान किए गया। इस अवसर पर हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि साहित्य समाज का दर्पण है और इस दर्पण को सजाने और संवारने के लिए मैं साहित्य प्रेमी मंडल को साधुवाद देता हूँ।
पुस्तक का हुआ विमोचन
साहित्य प्रेमी मंडल के उपाध्यक्ष एवं विश्व रिकॉर्ड होल्डर आर्टिस्ट राजेश कुमार की पुस्तक केदार से कैलाश तक तथा पत्रिका विनायक का विमोचन भी किया गया। साथ ही डाक्टर कमलेश मणि चौधरी की पुस्तक सम्मासती का भी विमोचन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दिल्ली के विधानसभा अध्यक्ष विजेंदर गुप्ता द्वारा की गई। उन्होंने साहित्य प्रेमी मंडल की निरंतर सेवाओं को साहित्य और समाज के लिए एक उपलब्धि बताया। इस अवसर पर आयोजित कवि सम्मेलन में डाक्टर प्रवीण शुक्ल के संचालन में पूनम वर्मा, रसिक गुप्ता और मुकेश शर्मा ने भी काव्य पाठ किया। संस्था के महासचिव डॉ प्रवीण शुक्ल ने संस्था की चालीस वर्ष की यात्रा और उसकी गतिविधियों पर प्रकाश डाला।

