-पुलिस द्वारा चलाए गए ऑपरेशन कन्विक्शन का सामने आया शानदार परिणाम
-आपराधिक मामलों में पुलिस ने न्‍यायालय में पेश किए ठोस सबूत

द न्‍यूज गली, नोएडा: पुलिस के द्वारा गौतमबुद्ध नगर में पिछले लगभग तीन वर्ष के दौरान चलाए जा रहे ऑपरेशन कन्विक्शन का ठोस परिणाम सामने आया है। विभिन्‍न आपराधिक मामलों में पुलिस के द्वारा की गई ठोस व प्रभावी पैरवी के कारण 5000 से अधिक अपराधियों को न्‍यायालय ने सजा सुनाई। अपराधी सलाखों के पीछे पहुंचे तो लोगों ने राहत की सांस ली। उत्तर प्रदेश DGP के निर्देश पर जिले में चलाए गए ऑपरेशन कन्विक्शन में 1 जनवरी 2023 से अब तक 5,080 से अधिक अपराधियों को सजा मिली है। यह सफलता पुलिसकर्मियों के अथक प्रयासों और समयबद्ध जांच का परिणाम है।

117 को उम्र कैद
गौतम बुद्ध नगर पुलिस के ज्वाइंट सीपी लॉ एंड ऑडर राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत 1 जनवरी 2023 से अब तक 5,080 से अधिक अपराधियों को सजा दिलाई गई है। इसमें 117 अपराधियों को न्यायालय ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। सजायाफ्ता अपराधियों में कई जघन्य अपराधों जैसे हत्या, अपहरण के मामले, पॉक्सो एक्ट, महिला अपराध संबंधी मामले भी शामिल हैं। उन्‍होंने बताया कि आपराधिक मामलों में विशेष इकाइयों ने कोर्ट में ठोस सबूत पेश किए और प्रभावी पैरवी की। परिणामस्वरूप इतनी बड़ी संख्या में अपराधियों को सजा दिलाई जा सकी।