द न्यूज गली, नोएडा : थाना फेस-2 क्षेत्र में शनिवार तड़के सुबह एक शातिर वाहन चोर और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। घटना सेक्टर-92 के पास उस समय हुई जब पुलिस टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया, जिसे रोकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने रुकने की बजाय तेजी से बाइक दौड़ाकर एनएसईजेड मेट्रो की ओर भागने की कोशिश की।

ग्रीन बेल्ट की तरफ भागा
पुलिस द्वारा पीछा करने पर आरोपी ग्रीन बेल्ट किनारे नाले की पटरी की ओर मुड़ गया। खुद को चारों ओर से घिरा देख उसने पुलिस पर जान से मारने की नियत से फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें आरोपी घायल हो गया।

भंगेल में बनाया था ठिकाना
घायल बदमाश की पहचान फैजान पुत्र अली अहमद, उम्र करीब 25 वर्ष, मूल निवासी सराय मोहल्ला, कस्बा कुरावली, थाना कुरावली, जनपद मैनपुरी के रूप में हुई है। वर्तमान में वह कुंडा कॉलोनी, भंगेल में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देसी तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और एक चोरी की स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।