-विभिन्‍न स्‍थानों पर पेड़ों में छिपी मिली स्‍ट्रीट लाइट
-प्राधिकरण अधिकारियों ने व्‍यवस्‍था को और दुरुस्‍त करने का किया वादा

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) के अध्यक्ष अमित उपाध्याय के नेतृत्व में IBA के प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ ईकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र का रात्रिकालीन संयुक्त निरीक्षण किया। यह देखा कि लगाई गई हाई मास्‍ट व स्‍ट्रीट लाइट जल रही है या नहीं। जांच में कुछ स्‍थानों पर लाइट बंद मिली, साथ ही कुछ स्‍थानों पर स्‍ट्रीट लाइट पेड़ों के बीच में छिपी हुई थी। प्राधिकरण के अधिकारियों ने व्‍यवस्‍थाओं को और दुरुस्‍त करने का वादा किया। इसस अवसर पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी अभिषेक पाठक, विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग, वर्क सर्किल-3 के वरिष्ठ प्रबंधक अजीतभाई पटेल, प्रबंधक विपिन कुमार एवं तकनीकी अधिकारी नेत्रपाल के साथ ही अन्‍य लोग मौजूद थे।

नए पोल लगाने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान हाईमास्ट लाइटों एवं स्ट्रीट लाइटों की कार्यप्रणाली, प्रकाश की तीव्रता (Lux Level), गुणवत्ता तथा जिन स्थानों पर पोल उपलब्ध न होने के कारण स्ट्रीट लाइटें अभी स्थापित नहीं हो सकी हैं, उनका विस्तृत सर्वेक्षण किया गया। अधिकारियों ने उन सभी स्थानों को चिन्हित कर शीघ्र पोल स्थापित करने एवं शेष स्ट्रीट लाइटें लगाने का आश्वासन दिया। साथ ही जहाँ पेड़ों की शाखाएँ प्रकाश में बाधा बन रही हैं, वहाँ हॉर्टिकल्चर विभाग द्वारा शीघ्र छंटाई कराने के निर्देश भी दिए गए।निरीक्षण के दौरान चौगानपुर गोलचक्कर से घंटा चौक तथा घंटा चौक से पुलिस लाइन की ओर जाने वाले मार्ग का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इन मार्गों पर भी शीघ्र बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी तथा ईकोटेक-3 के प्रमुख प्रवेश द्वारों पर आकर्षक डेकोरेटिव लाइटिंग स्थापित कर औद्योगिक क्षेत्र को आधुनिक एवं सौंदर्ययुक्त स्वरूप प्रदान किया जाएगा।इस अवसर पर IBA अध्यक्ष अमित उपाध्याय के साथ संस्था के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्ण शर्मा, उपाध्यक्ष नरेश चौहान, सेक्टर सचिव (ईकोटेक-3) अरविंद भाटी तथा कार्यकारिणी सदस्य संजय पांचाल भी उपस्थित रहे।