-जाट समाज के द्वारा आयोजित किया गया कार्यक्रम
-मंत्री के नेतृत्व में लगाए गए 100 से अधिक पौधे
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए आज अंसल गोल्फ लिंक प्रथम सोसाइटी, ग्रेटर नोएडा में उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री केपी. मलिक द्वारा एक मौलश्री का पौधा रोपित कर शक्ति वन की स्थापना का शुभारंभ किया गया। अभियान के दौरान सोसायटी में विभिन्न स्थानों पर 100 से अधिक पौधे लगाए गए। एक पेड़ माँ के नाम 2.0 थीम के अंतर्गत धनौरी आर्द्रभूमि के समीप ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में लगभग 05 हेक्टेयर भूमि पर शक्ति वन का विस्तार किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल हरियाली बढ़ाना है, बल्कि मातृत्व और प्रकृति के गहरे संबंध को भी भावनात्मक रूप से जोड़ना है। कार्यक्रम में जाट समाज के लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विभिन्न प्रजाति के लगाए पौधे
कार्यक्रम में बरगद, गूलर, अर्जुन, कनेर, बोतल ब्रश, कंजी, मौलश्री, अकेसिया आदि विविध प्रजातियों के छायादार और औषधीय पौधों का रोपण किया गया। यह वन क्षेत्र आने वाले वर्षों में जैव विविधता को संजोने और पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस अवसर पर जाट समाज के अध्यक्ष आरबी सिंह ने बताया कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा वातावरण को प्रदूषण मुक्त और हरा भरा रखने के लिए चलाए जा रहे हैं अभियान एक वृक्ष मां के नाम के क्रम में जाट समाज ग्रेटर नोएडा द्वारा भी पौधा रोपण का कार्यक्रम किया गया। इस अवसर पर अंसल गोल्फ लिंक के अध्यक्ष जतन अत्री, जगदीश पाल सिंह,गजेन्द्र सिंह,वीरेन्द्र पूनिया, हरवीर सिंह, जुगेन्द्र सिंह, अजीत पूनिया,शिवचरन सिंह, अमित राठी, गोपाल सिंह, सुबोध चौधरी, सुरेन्द्र सिंह, सतवीर मुखिया, रविंद्र चौधरी, सुशील सिरोही, रविन्द्र सोलंकी, अमरदीप, गिरीश अत्री, लोकेन्द्र तालान, देवेश सहित अन्य लोग मौजूद थे।

