-प्रभावित 14 गांवों में लगाया जाएगा विशेष कैंप
-कैंप में किसानों से भरवाए जाएंगे प्रतिकर संबंधी फार्म

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के विस्तारीकरण हेतु भूमि अर्जन के अंतर्गत जेवर तहसील के 14 ग्रामों की अर्जित 1838.4176 हेक्टेयर भूमि के प्रतिकर वितरण के संबंध में डीएम मेधा रूपम ने आवश्‍यक दिशा निर्देश दिए। अर्जन से प्रभावित कृषकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रतिकर वितरण की कार्यवाही को पारदर्शी एवं शीघ्र संपन्न कराने के लिए 03 अप्रैल से अर्जन प्रभावित प्रत्येक ग्राम में प्रतिदिन चिह्नित स्थलों पर कैंप आयोजित कराने का निर्देश दिया। कैंपों के माध्यम से प्रभावित कृषकों से प्रतिकर प्रपत्र प्राप्त कर प्रतिकर पत्रावली तैयार की जाएगी। साथ ही अन्य समस्त आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण की जाएंगी। इस कार्य हेतु डीएम ने प्रत्येक गांव के लिए राजस्व निरीक्षक, लेखपाल एवं अमीन को नामित किया गया है। डीएम ने तहसीलदार, जेवर को समस्त कैंपों का प्रभारी नियुक्त किया है।

यहां लगेगा कैंप
प्रभावित कृषकों की सुविधा के 03 अप्रैल 2026 से ग्राम थोरा के प्राथमिक विद्यालय-1 थोरा, ग्राम बंकापुर के डॉ. अंबेडकर भवन बंकापुर, ग्राम नीमका शाहजहांपुर के प्राथमिक विद्यालय-1, ग्राम अहमदपुर चौरोली के पंचायत भवन, ग्राम ख्वाजपुर के प्राथमिक विद्यालय, ग्राम रामनेर के प्राथमिक विद्यालय, ग्राम किशोरपुर के प्राथमिक विद्यालय, ग्राम बनवारीबांस के प्राथमिक विद्यालय, ग्राम पारोही के डॉ. अंबेडकर भवन पारोही, ग्राम रोही के डॉ. अंबेडकर भवन पारोही, ग्राम मुकीमपुर शिवारा के प्राथमिक विद्यालय, ग्राम जेवर बांगर के प्राथमिक विद्यालय साबोता जाफराबाद, ग्राम साबोता मुस्तफाबाद के पंचायत भवन तथा ग्राम दयानतपुर के सर्व हितकारी इंटर कॉलेज दयानतपुर में कैंप आयोजित कर प्रभावित कृषकों के प्रतिकर प्रपत्र प्राप्त करते हुए प्रतिकर पत्रावलियां तैयार की जाएंगी तथा अन्य समस्त औपचारिकताएं पूर्ण की जाएंगी। डीएम ने अर्जन से प्रभावित कृषकों से अपील की कि अपने-अपने ग्रामों में आयोजित होने वाले कैंपों में उपस्थित होकर अपनी अर्जित भूमि के प्रतिकर भुगतान से संबंधित समस्त औपचारिकताएं अनिवार्य रूप से पूर्ण कराएं। उन्होंने कहा कि आयोजित किए जाने वाले इन कैंपों का उद्देश्य 14 ग्रामों की अर्जित एवं अधिनिर्णीत भूमि से संबंधित प्रतिकर वितरण की कार्रवाई को पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराना है। बैठक में अपर जिलाधिकारी बच्चू सिंह, अपर जिलाधिकारी अतुल कुमार, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह सहित अन्‍य अधिकारी मौजूद थे।