द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : शहर के कोचिंग सेंटरों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए शनिवार से अभियान शुरू कर दिया गया। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने अल्फा कमर्शियल बेल्ट स्थित ओम टावर में संचालित 11 कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कुछ संस्थानों में अग्निशमन उपकरण मानकों के अनुरूप मिले, जबकि कुछ जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था में कमियां पाई गईं।
सोमवार तक कमी को करना होगा दूर
संयुक्त टीम ने संबंधित कोचिंग संचालकों को सोमवार तक सभी अग्निशमन उपकरण निर्धारित मानकों के अनुसार स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दोबारा निरीक्षण में यदि खामियां बरकरार मिलीं तो संबंधित कोचिंग सेंटरों को सील करने की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण दल में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी मुकेश कुमार सिंह, अग्निशमन विभाग के वरिष्ठ फायर अधिकारी विनोद पांडेय और प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम शामिल रहे।
डीएम इस संबंध में कर चुकी है बैठक
हाल ही में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी कोचिंग सेंटरों को 15 दिन के भीतर अग्निशमन उपकरण मानकों के अनुरूप स्थापित करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वी.एस. ने भी अधिकारियों को अभियान चलाकर अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए थे। 15 दिन की समय सीमा सोमवार को समाप्त हो रही है। इससे पहले सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए जांच अभियान तेज कर दिया गया है।
