-शहर में प्राधिकरण ने 12 सेक्टरों में बनाए हैं 769 प्लेटफार्म
-अन्य लोगों को भी जल्द होगा प्लेटफार्म का आवंटन
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने एक अच्छी पहल के तहत 12 सेक्टरों में वेंडरों के लिए 769 प्लेटफार्म बनाए थे। पिछले कई साल से तैयार इन प्लेटफार्म का आवंटन नहीं हो रहा था। लंबे इंतजार के बाद मंगलवार को प्राधिकरण की तरफ से निर्मित वेंडिंग जोन में 20 वेंडरों को प्लेटफॉर्म आवंटित कर दिए गए हैं। दादरी विधायक तेजपाल नागर ने एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस और एसीईओ प्रेरणा सिंह की मौजूदगी में इन वेंडरों को आवंटन पत्र सौंपा। विधायक ने कहा कि प्राधिकरण कि इस पहल से जरूरतमंदों को अपने परिवार के भरण-पोषण का जरिया मिल गया है और दूसरे प्लेटफॉर्म मिल जाने से ये वेंडर रोड के किनारे रेहड़ी नहीं लगाएंगे, जिससे ट्रैफिक की समस्या भी दूर होगी।

वेरीफिकेशन के बाद चयन
ग्रेटर प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने रेहड़ी-पटरी वालों को रोजी-रोटी कमाने के लिए मुकम्मल प्लेटफॉर्म देने मकसद से सेक्टर अल्फा टू, बीटा वन व टू, सेक्टर-36, ओमीक्रॉन वन ए व 3, ज्यू-2 व 3, गामा टू, डेल्टा वन व थ्री, पाई-1 व 2 कुल 769 प्लेटफॉर्म बनाए गए हैं। प्राधिकरण के अर्बन सर्विस विभाग ओएसडी मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि पूर्व में चयनित पात्र आवंटियों में से 109 को प्लेटफार्म देने का निर्णय लिया गया, लेकिन इन पात्र आवंटियों के नामों पर भी आपत्ति आ रही थी। प्राधिकरण ने पूरी पारदर्शिता बरतते हुए सभी एसीईओ की एक समिति से दोबारा वेरिफिकेशन कराया गया, जिसमें से पहले फेज में 20 आवंटियों को प्लेटफार्म देने का निर्णय लिया गया। यह 20 प्लेटफार्म अल्फा टू, बीटा टू और सेक्टर-36 में दिए गए हैं। इन वेंडिंग जोन में प्लेटफॉर्म के साथ ही शेड भी बनाए गए हैं। बिजली-पानी, शौचालय आदि के भी इंतजाम किए गए हैं। इनको जगह देने के बाद जैसे-जैसे और भी वेंडिंग जोन बनते जाएंगे, वैसे-वैसे पात्रों को दिए जाएंगे।
