-दुकान से खरीदे एगरोल खाने से 4 लोग हुए थे बीमार
-डीएम के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने की कार्रवाई
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: जगत फार्म बाजार में स्थित रोशनी एगरोल कॉर्नर के खाद्य पदार्थों के सेवन से चार लोग बीमार हो गए थे। डीएम मेधा रूपम के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कार्रवाई की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह एवं एसके पांडेय की टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एगरोल एवं चिकन रोल के एक-एक नमूने लेकर जांच हेतु विशेष वाहक के माध्यम से प्रयोगशाला भेजे गए। टीम द्वारा प्रतिष्ठान में पाई गई साफ सफाई आदि कमियों एवं घटना की संवेदनशीलता के दृष्टिगत जन स्वास्थ्य के हित में रोशनी एगरोल कॉर्नर का खाद्य पंजीकरण अग्रिम आदेशों तक निलंबित कर दिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार ने खाद्य पंजीकरण निरस्त करते हुए व्यवसाय संचालन पर रोक लगा दी।

चार लोग हुए थे बीमार
सूरजपुर में स्थित लोटस पार्क सोसायटी में अनिल पासवान रहते हैं। कुछ दिन पूर्व वह परिवार व दोस्तों के साथ जगतफार्म बाजार में आए थे। उन्होंने रोशनी एगरोल कॉर्नर से चिकन एग रोल खरीदा था। जिसे खाने के कुछ घंटे बाद ही अनिल, मोहक, अशनी व अन्य लोग बीमार हो गए थे। सभी को उल्टी, पेट में दर्द व अन्य परेशानी हुई थी। उपचार के लिए सभी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मामले का संज्ञान लेते हुए खाद्य विभाग की टीम बुधवार को दुकान पर पहुंची। खाद्य पदार्थों का नमूना लेने के बाद कार्रवाई की गई।
