-रैली में 32 जिलों की 140 विधानसभा के लोग होंगे शामिल
-2027 विधानसभा चुनाव का शंखनाद करेगी सपा
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: समाजवादी पार्टी के द्वारा 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों का शंखनाद गौतमबुद्ध नगर से होगा। इसके लिए 29 मार्च को दादरी के मिहिर भोज डिग्री कॉलेज के पार्क में समाजवादी समानता भाईचारा रैली का आयोजन किया जा रहा है। सपा कार्यकर्ताओं ने प्रेसवार्ता कर रैली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने बताया कि रैली में उत्तर प्रदेश के 32 जिलों की 140 विधानसभाओं के लोग शामिल होंगे। रैली में एक लाख से अधिक भीड़ जुटेगी। यह रैली 2027 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद होगी। संभावना जताई जा रही है कि रैली में विभिन्न पार्टी के नेता समाजवादी पार्टी का दामन थामेंगे।
सर्व समाज के लोग होंगे शामिल
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने बताया कि रैली में सर्व समाज के लोग शामिल होंगे। रैली का इंतजाम गुर्जर समाज के लोग संभालेंगे। रैली से गुर्जर समाज को उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नई पहचान मिलेगी। रैली की तैयारियों के लिए पिछले कई माह से 50 से ज्यादा विधानसभा क्षेत्र में पीडीए चौपाल का आयोजन गया था। रैली की सफलता के लिए अलग-अलग क्षेत्र में मजबूत टीमों का गठन किया गया है। जिला और विधानसभा स्तर पर रैली प्रभारी की नियुक्तियां की गई है। इस रैली से उत्तर प्रदेश में परिवर्तन की लहर तेजी से चलेगी और एक बार फिर से उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भाटी, चौधरी गजराज नागर, पूर्व जिलाध्यक्ष इंदर प्रधान, वीर सिंह यादव, फकीर चंद नागर, डॉक्टर महेंद्र नागर, सुनील चौधरी, महानगर अध्यक्ष आश्रय गुप्ता, सुनील भाटी , नरेंद्र नागर, कृशांत भाटी, देवेंद्र टाइगर, विकास जतन भाटी, विनोद लोहिया, विकास यादव, नवीन भाटी, अक्षय चौधरी, विक्रम टाइगर, सुभाष भाटी, अनूप तिवारी, हरीश खारी आदि मौजूद रहे मौजूद थे।
