-मंझावली पुल से मिट जाएगी यूपी व हरियाणा की दूरी
-बहुप्रतीक्षित पुल मार्ग का भूमि पूजन हुआ पूरा
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा:हरियाणा के मंझावली से ग्रेटर नोएडा को जोड़ने वाले बहुप्रतीक्षित पुल मार्ग का इंतजार जल्द पूरा हो जाएगा। पुल मार्ग को जोड़ने के लिए शुक्रवार को भूमिपूजन किया गया। जिस पर लगभग 66 करोड़ रुपए का खर्च आएगा। खास बात है कि मंझावली-ग्रेटर नोएडा को जोड़ने वाले पुल मार्ग के निर्माण का सपना कई दशक पहले उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय एनडी तिवारी से लेकर केंद्रीय मंत्री रहे स्वर्गीय राजेश पायलट तक ने देखा था, जिसे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साकार किया है। यह पुल मार्ग हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बीच संपर्क, सहयोग और विकास को नई दिशा देने का कार्य करेगा। भूमि पूजन कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के राज्यमंत्री राजेश नागर, जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह, गौतमबुद्धनगर लोकसभा सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेन्द्र सिंह नागर तथा भाजपा गौतमबुद्धनगर के जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता व सामाजिक कार्यकर्ता श्री निवास आर्य आदि अनेकों लोगों ने हवन में आहुति दी। यह मार्ग भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई के नाम पर जाना जाएगा।
ऐतिहासिक उपलब्धि
आयोजित कार्यक्रम में सांसद डाक्टर महेश शर्मा ने कहा कि मंझावली–ग्रेटर नोएडा पुल मार्ग एनसीआर क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह पुल आवागमन को सुगम बनाते हुए व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर सृजित करेगा। सुरेन्द्र सिंह नागर ने कहा कि यह पुल हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बीच विकास की सेतु बनेगा। कनेक्टिविटी मजबूत होने से किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। हरियाणा सरकार में राज्यमंत्री राजेश नागर ने कहा कि मंझावली–ग्रेटर नोएडा पुल दोनों राज्यों के समन्वित विकास का प्रतीक है। यह परियोजना हरियाणा और उत्तर प्रदेश के लोगों को बेहतर संपर्क और सुविधाएं प्रदान करेगी तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को गति देगी। धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई की जन्मशताब्दी के पावन अवसर पर इस पुल मार्ग का शुभारंभ होना गौरव का विषय है। अटल जी ने अपने नेतृत्व में देश को मजबूत आधारभूत संरचना, राष्ट्रीय राजमार्गों और संपर्क मार्गों की सशक्त विरासत दी। यह पुल परियोजना उनके उसी राष्ट्रवादी विजन और विकासशील सोच को आगे बढ़ाने का कार्य करेगी।
