द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस ने जाली करेंसी खपाने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 200-200 रुपये के 920 जाली नोट बरामद हुए हैं। इनकी कुल अंकित कीमत 1.84 लाख रुपये है। पुलिस ने आरोपितों के पास से एक हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद की है। कार पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चारों आरोपितों को ग्राम कोंडली पुस्ता के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपितों की पहचान सुलतानपुर निवासी अर्जुन सिंह (22), अयोध्या निवासी शशांक गुप्ता (19), सीतापुर निवासी शान्तनु सिंह (19) और अयोध्या निवासी वैभव शुक्ला (19) के रूप में हुई है।

जेल में बनी थी जाली करेंसी के कारोबार की योजना
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि अर्जुन सिंह वर्ष 2024 में अयोध्या की जेल में कुबेर सिंह नाम के व्यक्ति के साथ बंद था। इसी दौरान दोनों की मुलाकात हुई और जाली करेंसी का कारोबार करने की योजना बनी। पुलिस के मुताबिक, कुबेर सिंह के साथ अर्जुन सिंह, शशांक गुप्ता और शान्तनु सिंह जाली नोट तैयार करते थे। इसके बाद अर्जुन अपने साथियों शशांक, शान्तनु और वैभव के साथ मिलकर नकली नोट खपाने का काम करता था। आरोपित आम लोगों को तीन गुना रकम देने का झांसा देकर जाली नोटों के बदले असली रुपये लेते थे। इस तरह अवैध कमाई करने के बाद रकम आपस में बांट लेते थे। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और जाली नोट तैयार करने के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।

तीन आरोपितों पर अयोध्या में भी मुकदमा
पुलिस के अनुसार, अर्जुन सिंह के खिलाफ अयोध्या के कैंट थाने में वर्ष 2024 में चोरी से संबंधित मुकदमा दर्ज है। वहीं, शशांक गुप्ता, शान्तनु सिंह और वैभव शुक्ला के खिलाफ भी कैंट थाने में वर्ष 2024 में मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है।