द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : जेवर कोतवाली पुलिस ने इमरान हत्याकांड में वांछित चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, चारों पर हत्या की साजिश रचने, वारदात में सहयोग करने और आरोपियों को फरार कराने में भूमिका निभाने का आरोप है। पुलिस ने चारों को झाझर रोड स्थित नगला तिराहे से गिरफ्तार किया। इस मामले में इससे पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब तक छह आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस के मुताबिक, आठ अक्टूबर को इमरान (36) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के परिजन की शिकायत पर जेवर कोतवाली में जान मोहम्मद उर्फ जामा, इदरीश और उनके अन्य साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने स्थानीय खुफिया सूचना और बीट पुलिसिंग की मदद से बृहस्पतिवार को इब्राहिम, रिजवान, समरीन और मुस्कान को गिरफ्तार किया।

ताऊ की हत्या का बदला लेने का आरोप
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वर्ष 2021 में उनके ताऊ की हत्या हुई थी। इस मामले में इमरान भी शामिल था। इसी रंजिश के चलते इमरान की हत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में जान मोहम्मद उर्फ जामा और इदरीश को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

ये आरोपी किए गए गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में इब्राहिम (48) पुत्र सईद, रिजवान पुत्र इब्राहिम, समरीन (21) पुत्री यूसुफ और मुस्कान (22) पत्नी फैजान शामिल हैं। चारों जहांगीरपुर कस्बे के मोहल्ला व्यापारियान के निवासी हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।