द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: राजनीतिक पार्टी बनाने के बाद भारत निर्वाचन आयोग के नियमों का पालन करना कई पार्टियां भूल चुकी हैं। प्रदेश में इन राजनीतिक पार्टियों की संख्या 121 है। जिसमें गौतमबुद्ध नगर में पंजीकृत पार्टी की संख्या 4 है। इन पार्टियों के द्वारा पिछले लगभग 6 वर्षों से व्यय का विवरण नहीं दिया गया है। निर्वाचन आयोग ने सभी को नोटिस जारी कर दिया है। निर्धारित तिथि पर सभी को विस्तृत विवरण के साथ उपस्थित होना अनिवार्य है। विवरण उपलब्ध न कराने वाली पार्टियों को पंजीकृत राजनैतिक दलों की सूची से हटा दिया जाएगा।
यह हैं जिले के राजनीतिक दल
विगत 6 वर्षों में निर्वाचन में प्रतिभाग करने के उपरांत व्यय विवरण दाखिल न करने वाले राजनैतिक दलों गौतमबुद्ध नगर की भारतीय भाईचारा पार्टी, लोकतांत्रिक जनशक्ति पार्टी, राष्ट्रीय भारतीय जन जन पार्टी तथा राष्ट्रीय जनता पार्टी सम्मिलित है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय उत्तर प्रदेश लखनऊ में उपस्थित होने के लिए भारतीय भाईचारा पार्टी को 6 अक्टूबर, लोकतांत्रिक जनशक्ति पार्टी को 7 अक्टूबर, राष्ट्रीय भारतीय जन जन पार्टी को 8 अक्टूबर तथा राष्ट्रीय जनता पार्टी को 8 अक्टूबर का समय दिया गया है। निर्देश दिया गया है कि शपथपत्र सहित आवश्यक अभिलेखों के साथ समय पर उपस्थित हों। यदि पार्टियां निर्धारित समय पर विवरण नहीं देती हैं तो उन्हें पंजीकृत राजनैतिक दलों की सूची से हटाए जाने का प्रस्ताव भारत निर्वाचन आयोग को प्रेषित कर दिया जाएगा। जिसके बाद आयोग आगे का निर्णय लेगा।
