-ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शहर को सुरक्षित बनाने के लिए कई माह पूर्व बनाई थी योजना
-बजट बढ़ाए जाने की जल्द हो सकती है घोषणा
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: शहर को पग-पग पर सुरक्षित बनाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने कई माह पूर्व योजना बनाई थी। जिसके तहत शहर में चयनित लगभग 350 स्थानों पर 2700 सीसीटीवी कैमरे लगने थे। योजना बनाने के दौरान इसका बजट 227 करोड़ रुपए रखा गया था। लंबा समय बीत जाने व महंगाई के कारण पूर्व निर्धारिज बजट में 2700 कैमरे लगाने से कंपनियों ने हाथ पीछे खींच लिया है। ऐसे में अब संभावना जताई जा रही है कि इस कार्य का टेंडर नए सिरे से जारी होगा। इसमें कैमरा लगाने के लिए कुछ नए स्थानों को जोड़ा जाएगा और राशि में भी बढ़ोत्तरी की जाएगी।
तीन कंपनी आई थी आगे
योजना के तहत कैमरा लगाने, उसके संचालन व मेंटेनेंस की जिम्मेदारी चयनित कंपनी की होगी। कुछ सप्ताह पूर्व योजना पर काम करने के लिए तीन कंपनियां आगे आई थी। कंपनियों ने अपना प्रजेंनटेशन भी दिया था। लेकिन उसके बाद से प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई। बताया जा रहा है कि कंपनियों ने टेंडर की राशि में बढ़ोत्तरी करने की मांग की है। प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है योजना को मूर्त रूप देने के लिए जल्द ही बैठक कर आगे का निर्णय लिया जाएगा।
