द न्यूज गली, नोएडा : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में “सेवा पखवाड़ा” का आयोजन करेगी। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से प्रारंभ होकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती तक चलेगा। रविवार को नोएडा के सेक्टर 116 स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने इस अभियान की जानकारी दी।

सेवा कार्यों से जुड़ेगा समाज, घर-घर पहुंचेगी सरकार की उपलब्धियां
प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने बताया कि सेवा पखवाड़े के दौरान भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी जनता को देंगे। इसके साथ ही पार्टी विभिन्न सेवा एवं रचनात्मक कार्यक्रम भी आयोजित करेगी। इनमें प्रमुख रूप से स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण जैसे सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम शामिल होंगे।

लोकल फॉर वोकल को मिलेगा बढ़ावा
भाजपा इस अभियान के माध्यम से ‘लोकल फॉर वोकल’ को भी प्रोत्साहित करेगी। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि खादी व अन्य स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। 2 अक्टूबर को लोगों को देसी उत्पादों के उपयोग के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि स्वदेशी आंदोलन को बल मिल सके।

विपक्ष पर भी साधा निशाना
पत्रकारों से बातचीत में भूपेंद्र चौधरी ने विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा। खाद की उपलब्धता को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए गए सवालों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों को खाद की कोई कमी नहीं है। विपक्ष केवल भ्रम फैलाकर राजनीतिक एजेंडा सेट करना चाहता है, जबकि ज़मीनी हकीकत यह है कि किसान सहजता से खाद प्राप्त कर रहे हैं।

गालीकांड पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह विपक्ष की हताशा और कांग्रेस की पुरानी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने दावा किया कि आज भी जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मजबूती से खड़ी है, यही कारण है कि एनडीए सरकार तीसरी बार सत्ता में आई है।

GST में बदलाव को बताया जनहितकारी
केंद्र सरकार द्वारा GST स्लैब में किए गए हालिया बदलावों को लेकर भी उन्होंने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि ये बदलाव प्रणाली को और सरल तथा पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से किए गए हैं, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा।