-गैस की सप्‍लाई में दिक्‍कत आने पर IEA ने जताई चिंता
-IEA ने उद्योगों को गैस आपूर्ति में कमी पर डीएम को दिया ज्ञापन

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: अमरीका व ईरान के बीच चल रही लड़ाई का असर धीरे-धीरे दिखने लगा है। गैस की सप्‍लाई बाधित होने लगी है। ऐसे में आम आदमी, रेस्‍टोरेंट, होटल व्‍यवसाय के साथ ही उद्योगों के सामने भी संकट खड़ा होने लगा है। उद्योगों को वाणिज्यिक गैस की आपूर्ति में दिक्‍कत आने पर इंडस्ट्रियल एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन (IEA) के प्रतिनिधिमंडल ने डीएम मेधा रूपम से मुलाकात की। गैस की आपूर्ति में आ रही कमी को लेकर डीएम को ज्ञापन सौंपा। गैस न मिलने से उद्योगों के सामने आ रही परेशानी के बारे में भी बताया। मांग की कि गैस आपूर्ति की कमी को दूर किया जाए।

काला बाजारी का डर
एसोसिएशन ने बताया कि गैस डीलरों द्वारा उद्योगों को पर्याप्त और नियमित गैस आपूर्ति नहीं की जा रही है।  जिसके कारण कई उद्योगों को अस्थायी रूप से उत्पादन बंद करना पड़ रहा है तथा गैस सप्लाई में कालाबाज़ारी होने की संभावना है। IEA के अध्यक्ष संजीव शर्मा ने बताया कि गैस की अनियमित आपूर्ति के कारण उद्योगों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। कई इकाइयों को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ रहा है, जबकि कर्मचारियों को बिना काम के भी वेतन देना पड़ रहा है। इसके साथ ही ग्राहकों का नुकसान, बैंक की किस्तों का दबाव तथा फैक्ट्री के किराये का भुगतान जैसी समस्याएँ भी उद्योगों के सामने खड़ी हो गई हैं। इस अवसर पर आईईए के अध्यक्ष संजीव शर्मा, पीके तिवारी, विवेक चौहान, पीएस मुखर्जी, एमपी शुक्ला, जीएस तुल्ली, पवन गर्ग व महिपाल चौहान भी उपस्थित थे।