द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : जनपद दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन (गौतमबुद्ध नगर) के वार्षिक चुनाव 2025-26 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो गई। पहले दिन अध्यक्ष, सचिव सहित आठ पदों के लिए कुल 17 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। नामांकन के साथ ही बार परिसर में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं।

अध्यक्ष पद के लिए मनोज भाटी और योगेंद्र भाटी मैदान में हैं। सचिव पद पर नीरज कुमार भाटी, शोभा राम चंदेला और सतेंद्र कुमार नागर ने नामांकन किया है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए दुर्गेश सिंह, राकेश शर्मा और छतरपाल सिंह, जबकि कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर महेंद्री उर्फ मुस्कान और प्रेमचंद त्यागी ने पर्चे भरे हैं। कोषाध्यक्ष पद के लिए दीपक लोहिया और नितिन भाटी, सह सचिव प्रशासनिक पद पर सिंह राज चौधरी और विक्रम सिंह, सांस्कृतिक सचिव पद पर मीनू त्यागी तथा सह सचिव पुस्तकालय पद पर अमित कुमार ने नामांकन किया है। अब तक कुल दो महिला प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरी हैं।

कल भी होगा नामांकन
चुनाव अधिकारी के अनुसार नामांकन प्रक्रिया शनिवार को भी सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक जारी रहेगी। इसके बाद दोपहर 2 से 3 बजे तक नामांकन वापसी, 3 से 4 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। शाम 5 बजे प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी।

24 दिसंबर को होगा मतदान
मतदान 24 दिसंबर को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। इस दौरान दोपहर 1:30 से 2 बजे तक लंच ब्रेक रहेगा। मतगणना शाम 6 बजे से शुरू होगी और उसी दिन परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

इस बार बार चुनाव में कुल 2711 अधिवक्ता मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदाता सूची बार कार्यालय के बाहर चस्पा कर दी गई है। नामांकन के साथ ही प्रत्याशियों ने प्रचार भी तेज कर दिया है। चैंबर परिसर के सामने अध्यक्ष और सचिव पद के उम्मीदवारों ने टेंट लगाकर अधिवक्ताओं से संपर्क शुरू कर दिया है। नामांकन के दौरान सैकड़ों अधिवक्ताओं की मौजूदगी से बार परिसर में दिनभर गहमागहमी बनी रही।