द न्यूज गली, नोएडा : गौतमबुद्ध नगर में व्यापार और उद्योग से जुड़े उद्यमियों के बीच जीएसटी पंजीकरण को लेकर रुचि लगातार बढ़ती जा रही है। बीते तीन वर्षों में जिले में जीएसटी में पंजीकृत होने वाले उद्यमियों और व्यापारियों की संख्या 60,990 तक पहुंच गई है। यह आंकड़ा न केवल जिले की औद्योगिक प्रगति को दर्शाता है, बल्कि व्यापारिक समुदाय के बीच कर प्रणाली के प्रति बढ़ती जागरूकता को भी उजागर करता है।

तीन वर्षों में जीएसटी पंजीकरण में हुआ बड़ा इजाफा
राज्य जीएसटी विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2021-22 में जिले में कुल 18,283 उद्यमियों और व्यापारियों ने अपना जीएसटी पंजीकरण कराया। इसके बाद 2022-23 में यह संख्या बढ़कर 22,528 हो गई, जोकि 23.5% की उल्लेखनीय वृद्धि थी। हालांकि, 2023-24 में यह संख्या मामूली गिरावट के साथ 20,179 रह गई, जोकि लगभग 10.4% की कमी को दर्शाता है। इसके बावजूद, कुल मिलाकर पंजीकरण की स्थिति मजबूत बनी हुई है और साल दर साल व्यापारियों की भागीदारी बढ़ रही है।

जागरूकता अभियान बना बड़ी वजह
जीएसटी अधिकारियों द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों और समय-समय पर की जा रही कार्रवाई का असर अब दिखने लगा है। व्यापारियों को जीएसटी से जुड़ी प्रक्रियाओं के बारे में जागरूक करने के लिए सेमिनार, वर्कशॉप और ऑनलाइन वेबिनार आयोजित किए जा रहे है। इन अभियानों का उद्देश्य व्यापारियों को कर प्रणाली के प्रति जागरूक करना और उन्हें जीएसटी पंजीकरण के लाभ समझाना है।

राजस्व वृद्धि में मिलेगी मदद
राज्य जीएसटी विशेष अनुसंधान विभाग के अपर आयुक्त ग्रेड-2 विवेक आर्य का कहना है कि गौतमबुद्ध नगर उत्तर प्रदेश का प्रमुख औद्योगिक और व्यापारिक केंद्र है। यहां तेजी से बढ़ते जीएसटी पंजीकरण के आंकड़े यह दर्शाते है कि व्यापारिक समुदाय कर अनुपालन को लेकर गंभीर होता जा रहा है। इससे राज्य सरकार को राजस्व संग्रह बढ़ाने में मदद मिलेगी, जिससे विकास योजनाओं को और मजबूती मिलेगी।