-दोनों स्थानों पर चल रहे निर्माण कार्य को कराया गया बंद
-एजेंसी से ऑडिट रिपोर्ट मिलने के बाद शुरू होगा काम
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नॉलेज पार्क स्थित जीएल बजाज कॉलेज व विद्या जीवन कोचिंग में चल रहे बिल्डिंग निर्माण कार्य में घोर लापरवाही बरती जा रही थी। सुरक्षा पुख्ता न होने के कारण वहां पर काम करने वाले कर्मचारियों के साथ ही छात्रों की जान के साथ भी खिलवाड़ किया जा रहा था। सहायक निदेशक कारखाना विभाग के द्वारा दोनों स्थानों पर की गई जांच में निर्माण स्थल पर सुरक्षा में घोर लापरवाही मिली है। इस कारण कभी भी कोई बड़ी घटना हो सकती थी। विभाग के द्वारा कार्रवाई करते हुए दोनों स्थानों पर चल रहे निर्माण कार्य को बंद करा दिया गया है। निर्देश दिया गया है कि तकनीकी संस्थान के द्वारा सुरक्षा ऑडिट करा उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। रिपोर्ट मिलने के बाद ही काम शुरू कराने की संस्तुति दी जाएगी।
यह मिली लापरवाही
सहायक निदेशक कारखाना राम बहादुर ने बताया कि विद्या जीवन कोचिंग सेंटर में बिल्डिंग का निर्माण कार्य चल रहा था। नीचे कैनोपी लगाकर छात्रों को पढ़ाई कराई जा रही थी। जहां पर लगभग 1300 छात्रों को कोचिंग दी जा रही थी। निर्माण स्थल से यदि कोई सामान गिरता तो बड़ी घटना हो सकती थी। निर्माण स्थल पर असुरक्षा को देखते हुए काम बंद करा दिया गया। वहीं दूसरी तरफ जीएल कॉलेज में चल रहे निर्माण कार्य में मिला कि टॉवर सी में छत, फर्स की ढलाई के साथ ही शटरिंग का काम चल रहा था। ऊपर की मंजिल पर काम करने के दौरान कर्मचारी सेफ्टी बेल्ट नहीं लगाए थे। साथ ही फॅाल अरेस्ट प्रणाली भी नहीं थी। धूल व मलवा अव्यवस्थित फैला था। सुरक्षा की दृष्टि से यह अत्यंत गंभीर था। इसे देखते हुए वहां पर भी चल रहे निर्माण को बंद करा दिया गया।

