-मैराथन में बड़ी संख्‍या में कॉलेज छात्रों के साथ ही कर्मचारियों ने लिया हिस्‍सा
-25 वें स्‍थापना दिवस पर कॉलेज में 18 फरवरी तक आयोजित होंगे कार्यक्रम

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नॉलेज पार्क स्थित जीएनआईओटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस अपना 25 वां स्‍थापना दिवस मना रहा है। फाउंडर्स डे एवं सिल्वर जुबली समारोह का शुभारंभ मैराथन दौड़ (Run for Education Towards a Sustainable Future) से 13 फरवरी को हुई। दौड़ में बड़ी संख्‍या में कॉलेज छात्रों के साथ ही कर्मचारियों ने भी हिस्‍सा लिया। यह दौड़ स्वास्थ्य, संकल्प और एकता का प्रतीक बनी। इस आयोजन की मुख्य अतिथि भारतीय महिला राष्ट्रीय वॉलीबॉल टीम की पूर्व कप्तान निर्मल तंवर भाटी थीं। इस अवसर पर उन्‍होंने खेल और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्टता प्राप्त करने हेतु अनुशासन, फिटनेस, टीमवर्क और दृढ़ता के महत्व पर बल दिया। इसके साथ ही सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करते हुए जीएनआईओटी ने रोटरी ब्लड बैंक के सहयोग से एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया। शिविर में छात्रों, संकाय सदस्यों और कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही, जिसके परिणामस्वरूप 200 से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।

भव्य पुस्तक मेला
कॉलेज परिसर में विशाल पुस्तक मेले का आयोजन किया गया। जिसमें 20 से अधिक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रकाशकों ने भाग लिया। पुस्तक मेले ने छात्रों और संकाय सदस्यों को नवीनतम शैक्षणिक पाठ्यपुस्तकों, प्रतियोगी परीक्षाओं की सामग्री, शोध प्रकाशनों, प्रबंधन एवं तकनीकी संसाधनों तथा साहित्यिक कृतियों तक पहुँच प्रदान की। इस पहल का उद्देश्य परिसर में पठन संस्कृति, शोध अभिरुचि और शैक्षणिक समृद्धि को सुदृढ़ करना था। समारोह में तकनीकी आयाम जोड़ते हुए इंटरकॉलेज ड्रोन फ्लाइंग प्रतियोगिता – एरोमेनिया का आयोजन किया गया, जिसमें उभरती प्रौद्योगिकियों के प्रति उत्साही विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विभिन्न संस्थानों के प्रतिभागियों ने ड्रोन डिजाइन, नेविगेशन और सटीक उड़ान कौशल का प्रदर्शन किया। यह प्रतियोगिता जीएनआईओटी के नवाचार, शोध और व्यावहारिक शिक्षा पर बल को दर्शाती है, जो आधुनिक औद्योगिक प्रौद्योगिकियों के अनुरूप है। आयोजन ने रचनात्मकता, तकनीकी दक्षता, टीमवर्क और कक्षा में अर्जित ज्ञान के वास्तविक जीवन में अनुप्रयोग को प्रोत्साहित किया।