-कॉलेज की शैक्षणिक गुणवत्‍ता को देखते हुए मिला सम्‍मान

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: उच्च शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्टता की मिसाल कायम करते हुए जीएनआईओटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस को एंटरप्रेन्योर इंडियन एजुकेशन अवॉर्ड्स में प्रतिष्ठित सम्मान वर्ष का सर्वश्रेष्ठ उच्च शिक्षण संस्थान – स्टैंडअलोन से अलंकृत किया गया है। राष्ट्रीय स्तर के सम्मान में अर्न्स्ट एंड यंग (ईवाई) आधिकारिक मूल्यांकनकर्ता के रूप में सम्मिलित रहा, जिसने चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता को सुनिश्चित किया। यह सम्मान उन संस्थानों को प्रदान किया जाता है जो शैक्षणिक गुणवत्ता, आधुनिक अधोसंरचना, अनुसंधान एवं नवाचार, छात्र उपलब्धियों, उद्योग–शैक्षणिक सहयोग, सशक्त नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं। जीएनआईओटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस ने इन सभी मानकों पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करते हुए यह उपलब्धि प्राप्त की है। यह सम्मान केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि संस्थान की उस दीर्घकालिक दृष्टि और समर्पण का प्रतीक है, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को वैश्विक मानकों के अनुरूप, कौशल-आधारित और भविष्य उन्मुख शिक्षा प्रदान की जा रही है। जीएनआईओटी इंजीनियरिंग संस्थान के निदेशक डॉ धीरज गुप्ता ने संस्थान की ओर से यह सम्मान ग्रहण किया। उन्होंने इस उपलब्धि को पूरे जीएनआईओटी ग्रुप परिवार की सामूहिक मेहनत, प्रतिबद्धता और उत्कृष्टता के प्रति अटूट विश्वास का परिणाम बताया।

स्‍थापित होंगे नए मानक
पुरस्‍कार मिलने पर संस्थान के चेयरमैन डॉ राजेश कुमार गुप्ता, वाइस चेयरमैन गौरव गुप्ता तथा जीआईएमएस संस्थान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्वदेश कुमार सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि गुणवत्ता आधारित शिक्षा, नवाचार, उद्योग संलग्नता और समाज के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतिफल है। उन्होंने कहा संस्थान आने वाले समय में भी उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करता रहेगा। यह सम्मान संस्थान के समर्पित शिक्षकों, कर्मठ कर्मचारियों, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों, सहयोगी अभिभावकों और सशक्त पूर्व छात्र समुदाय को समर्पित है, जिनके निरंतर सहयोग और विश्वास ने जीएनआईओटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस को राष्ट्रीय पटल पर विशिष्ट पहचान दिलाई है।