द न्‍यूज गली,उन्‍नाव: इलेक्ट्रॉनिक डांस म्यूजिक के बीच गोवा के मशहूर पाप सिंगर ऋत्विक उन्नाव के इतिहास में पहली बार धमाकेदार प्रस्तुति देंगे। पाप सिंगर ऋत्विक के साथ उनका 50 सदस्यीय दल इस दौरान तेज रंग-बिरंगी रोशनी के बीच संगीत की सुमधुर स्वर लहरियां बिखेरेगा। कार्यक्रम का आयोजन रविवार 8 फरवरी को शाम 5 बजे से देवराकला स्थित गंगोत्री ग्रीन्स फार्म हाउस में होगा। कार्यक्रम का नाम है सनबर्न। सनबर्न महोत्सव भारत और एशिया का सबसे बड़ा इलेक्ट्रॉनिक डांस म्यूजिक उत्सव है। कार्यक्रम का हिस्‍सा बन उसका आनंद उठाने के लिए हर वर्ग के लोग लालायित हैं। कार्यक्रम में दर्शकों की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। खास बात है कि टिकटों की बड़ी संख्या में आनलाइन बुकिंग हो चुकी है।

2007 से चल रहा सिलसिला
कार्यक्रम का यह सिलसिला 2007 से शुरू हुआ था। कार्यक्रम के संयोजक भारत गुप्ता ने बताया कि संगीत का यह त्यौहार दुनिया भर के शीर्ष डीजे, शानदार लाइटिंग, स्टेज प्रोडक्शन और उच्च ऊर्जा वाले संगीत प्रदर्शन के लिए प्रसिद्ध है। अभी तक यह कार्यक्रम गोवा, पुणे और मुंबई के अलावा देश के विभिन्न महानगरों में आयोजित हो चुका है। इलेक्ट्रॉनिक डांस म्यूजिक के डायरेक्टर रितिक का कहना है कि 2007 में गोवा के समुद्र तट पर पहले सनबर्न कार्यक्रम आयोजित हुआ था। यह तीन से पांच दिनों तक चलता है और एक समय में कई स्टेज पर प्रदर्शन होते हैं। संवारने भारत को ईडीएम के मानचित्र पर एक बड़ा स्थान दिलाया। इसे दुनिया के विशाल और प्रतिष्ठित कार्यक्रम के रूप में मान्यता मिली। विश्व प्रसिद्ध डीजे जैसे डेविड गुइएटटा, डीजे एक्सवेल ( स्वीडिश हाउस माफिया) और सारा लांड्री सहित कई अन्य नामचीन कलाकार कार्यक्रम में प्रस्तुति देंगे।