-अधर्म के नाश के लिए अवतार लेते हैं भगवान
-कथा सुनने के लिए बड़ी संख्‍या में पहुंचे भक्‍त

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: श्री धार्मिक रामलीला कमेटी के तत्वाधान में रामलीला मैदान ऐछर बिरोड़ा सेक्टर पाई 1 में चल रही राम कथा में कथावाचक अतुल कृष्ण भारद्वाज ने कहा कि भगवान निर्मल एवं स्वच्छ मन वाले को ही प्राप्त होते हैं। अधर्म के नाश के लिए भगवान अवतार लेते हैं। जब-जब धरती पर अधर्म का बोलबाला होता है, तब भगवान किसी न किसी रूप में अवतार लेते हैं। इससे असुरों का नाश होता है और अधर्म पर धर्म की विजय होती है। भगवान चारों दिशाओं के कण-कण में विद्यमान हैं। उन्हें प्राप्त करने का मार्ग केवल सच्चे मन की भक्ति हैं। कहा त्रेता युग में जब असुरों की शक्ति बढ़ने लगी, तब माता कौशल्या की कोख से भगवान राम का जन्म हुआ। उन्होंने कहा कि भगवान सर्वत्र हैं। प्रेम से पुकारने और सच्चे मन से स्मरण करने पर वे कहीं भी प्रकट हो सकते हैं। इसलिए कहा गया है— हरि व्यापक सर्वत्र समाना। कहा कि निर्गुण से सगुण भगवान सदैव भक्त के प्रेम के वशीभूत रहते हैं और भक्तों के भाव के अनुसार सगुण रूप धारण करते हैं।

असुरों का किया संहार
कथावाचक अतुल कृष्ण भारद्वाज ने ईश्वर और पैगम्बर के अंतर को स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि ईश्वर के अवतार से असुरों का नाश होता है और अधर्म पर धर्म की विजय होती है। यह अद्भुत कार्य मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण ने अयोध्या और मथुरा की धरती पर अवतार लेकर किया। दोनों ने असुरों का संहार कर धर्म की रक्षा की। उन्‍होंने देश की युवा पीढ़ी पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज का युवा पाश्चात्य सभ्यता के प्रभाव में फंसा हुआ है। उसे राम, कृष्ण और सीता जैसे आदर्शों तथा भारतीय संस्कृति से दूर होता देखा जा रहा है। उन्होंने माताओं से आग्रह किया कि यदि वे चाहें, तो युवा पीढ़ी को सही दिशा दे सकती हैं। बुधवार को कथा के यजमान हरवीर मावी व सह मुख्य यजमान शेर सिंह भाटी, धीरज शर्मा थे। इस अवसर पर ईश्वर दयाल, स्वामी सुशील महाराज, अध्यक्ष आनंद भाटी, पंडित प्रदीप शर्मा, कुलदीप शर्मा, दिनेश गुप्ता, पवन नागर, ममता तिवारी, मनीष डावर, अतुल आनंद, फिरे प्रधान, सत्यवीर मुखिया, महेश शर्मा , उमेश गौतम, रोशनी सिंह, वीरपाल मावी, तेज कुमार भाटी, सुंदर भाटी, भगवत भाटी, ज्योति सिंह, अश्विनी शुक्ला, राकेश बैसोया, रश्मि अरोड़ा, गीता सागर, यशपाल नागर, चैनपाल प्रधान, अजय कसाना, पवन भाटी, राकेश नंबरदार सहित अन्‍य लोग उपस्थित थे।