-नगर पंचायत रबूपुरा, जेवर, जहांगीरपुर, बिलासपुर और दनकौर के लाभार्थियों को मिला लाभ
-लाभार्थियों के खाते में पहुंचीं आवास योजना की पहली किस्त
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत जिले के 220 लाभार्थियों को योजना का लाभ मिलेगा। जनपद गौतमबुद्ध नगर के 220 पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में कुल 2 करोड़ 20 लाख की राशि भेजी जाएगी, जिससे पात्र परिवार अपने आवास के निर्माण कार्य की शुरुआत कर सकेंगे। जिन परिवारों को योजना का लाभ मिलेगा उसमें नगर पंचायत रबूपुरा में 58, नगर पंचायत जेवर में 115 , नगर पंचायत जहांगीरपुर में 14, नगर पंचायत बिलासपुर में 18 और नगर पंचायत दनकौर में 15 लाभार्थी हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के पात्र परिवारों को अपनी भूमि पर पक्का आवास निर्माण हेतु 2.50 लाख की सहायता राशि प्रदान की जाती है। यह राशि चरणबद्ध तरीके से लाभार्थियों के खातों में भेजी जाती है। योजना का उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है।

हर व्यक्ति तक पहुंच रहा विकास
इस अवसर पर जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की योजनाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों का अपने घर का सपना साकार हो रहा है। गौतमबुद्ध नगर में 220 लाभार्थियों को मिलने वाली यह सहायता राशि उनके जीवन में नई उम्मीद और सम्मानजनक जीवन की शुरुआत का माध्यम बनेगी। सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र परिवार पक्के घर से वंचित न रहे। आने वाले समय में भी केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सुनिश्चित किया जाएगा।
