-राज्‍य मंत्री कुंअर बृजेश सिंह ने की प्रेसवार्ता
-11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सीमाएं हुई सुरक्षित

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्‍य में प्रेसवार्ता का आयोजन ग्रेटर नोएडा प्रेसक्‍लब में किया गया। लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकसित भारत के अमृत काल में देश सेवा, सुशासन और ग़रीब कल्याण के विकास की नई यात्रा तय की है। सरकार की हर योजना के केंद्र में जनकल्याण और आम नागरिक के जीवन को बेहतर करने के साथ देश को वैश्विक स्तर पर नए आयाम देने की भावना रही है। इन 11 वर्षों में देश की सीमाएँ मजबूत और सुरक्षित हुई हैं। भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है। विश्व स्तरीय सड़कें, यूनिवर्सिटी, कॉलेज, हॉस्पिटल नए उद्योगों के साथ विदेशी निवेश तेजी से बढ़ा है। उन्‍होंने कहा कि पहले की सरकारों में ऊपर से चला एक रुपया जनता तक 25 पैसे रह जाता था और आज एक-एक रुपया सीधे जनता तक पहुँच रहा है।

प्रगति का मार्ग हुआ प्रशस्‍त
सांसद व पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉक्टर महेश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति का मार्ग प्रशस्त हुआ है। आज देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। आज भारत विश्व की चौथी अर्थव्यवस्था बन चुका है। भारत विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प को साकार करेगा। उन्होंने बताया कि 2014 से पहले देश में 74 एयरपोर्ट बने थे और आज देश में 160 एयरपोर्ट हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सपना है कि देश का ग़रीब हवाई जहाज़ की यात्रा क़रे। जेवर एयरपोर्ट देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बन कर लगभग दो महीनों में उड़ान भरेगा चालू हो जाएगी। इस अवसर पर जिला प्रभारी प्रमोद गुप्ता, जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, देवा भाटी, मीडिया प्रभारी कर्मवीर आर्य, मनोज गर्ग, सतेन्द्र नागर, वीरेंद्र भाटी, विकाश चौधरी, सत्यपाल शर्मा, सुशील भाटी, सतपाल तालान, धर्मेन्द्र भाटी आदि लोग उपस्थित थे।