-अन्य स्थानों पर भी विकास कार्यों पर खर्च होंगे 60 करोड़ रुपए
-योजना के तहत कई स्थानों पर शुरू हो गए विकास कार्य
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के द्वारा शहर से लेकर गांव तक में विकास कार्य कराने पर लगातार काम किया जा रहा है। अब प्राधिकरण ने विकास कार्य कराने के लिए 60 करोड़ रुपए से अधिक का बजट बनाया है। कई गांव की सड़क पर रात में अभी भी अंधेरा रहता है, ऐसे में अंधेरे को दूर करने के लिए 3.34 करोड़ रुपए से स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी। योजना के तहत सूरजपुर, भोला रावल, तिलपता करनवास, कुलेसरा, कैलाशपुर उर्फ किराचपुर, बिसरख ऐमनाबाद, सादोपुर, इटेड़ा, खोदना खुर्द, खैरपुर गुर्जर, छपरौला, खेड़ा धरमपुरा, मिलकलच्छी, खेड़ी, भनौता, सुनपुरा आदि गांवों में स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य किया जाएगा।
सड़क का होगा निर्माण
शहर में विभिन्न स्थानों पर सड़क टूट गई है। इस कारण वाहन चालकों को अक्सर परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों की परेशानी को देखते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सड़क बनवाने का आदेश जारी किया है। जिसके तहत औद्योगिक सेक्टरों में सड़कों की मरम्मत के साथ ही जल निकासी की व्यवस्था भी सही की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि औद्योगिक सेक्टर इकोटेक तीन में डीएससी (दादरी सूरजपुर छलेरा) मार्ग से न्यू हॉलैंड गोलचक्कर तक 60 मीटर चौड़ी सड़क की मरम्मत कराई जाएगी। इकोटेक- तीन टॉय सिटी के हिस्से में जल निकासी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आरसीसी नाली का निर्माण किया जाएगा। औद्योगिक सेक्टर-16 में सड़कों का निर्माण व मरम्मत का कार्य किया जाएगा। औद्योगिक सेक्टर इकोटेक-1 एक्सटेंशन-1 में 60 मीटर चौड़ी पेरिफेरल सड़क के साथ नाली का निर्माण कराया जाएगा। जैतपुर- वैशपुर गांव में सीसी सड़क का निर्माण करने के साथ इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाई जाएगी। साथ ही अन्य स्थानों पर भी विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे।
