– अधिकारियों ने कहा समाज की आधारशिला होते हैं श्रमिक
– श्रमिकों को उनकी सेवाओं के लिए मिला प्रशस्ति पत्र

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: श्रमिक दिवस के अवसर पर ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के ऑडिटोरियम में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्राधिकरण के विभिन्न विभागों से जुड़े श्रमिकों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। प्राधिकरण के ओएसडी अभिषेक पाठक ने कहा कि श्रमिक समाज की आधारशिला होते हैं। उनके द्वारा ईमानदारी से किए गए परिश्रम और समर्पण से ही शहर की सफाई, व्यवस्था एवं विकास सुनिश्चित हो पाता है। उन्होंने उपस्थित सभी कर्मचारियों एवं श्रमिकों को उनके योगदान के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि कर्तव्यनिष्ठा ही किसी भी संस्था की सफलता की कुंजी है। चयनित उत्कृष्ट कर्मचारियों एवं श्रमिकों को उनकी सेवाओं के लिए प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

श्रमिकों का अमूल्‍य योगदान
श्रमिक दिवस के उपलक्ष्य में ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीवर विभाग द्वारा नॉलेज पार्क-3 स्थित पंपिंग स्टेशन पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सीवर विभाग के श्रमिकों के अमूल्य योगदान को सम्मानित करना और उनकी सुरक्षा को सुनिश्चित करना था। प्राधिकरण के अधिकारियों ने श्रमिकों की मेहनत, प्रतिबद्धता और निष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी शहर की मूलभूत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में सीवर कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उनके अथक परिश्रम के बिना स्वच्छता, जल निकासी और सार्वजनिक स्वास्थ्य जैसे क्षेत्र सुचारू रूप से संचालित नहीं हो सकते। एसीईओ प्रेरणा सिंह के निर्देशन में सीवर विभाग के श्रमिकों को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही, उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट, लेबर जैकेट, सब्बल और फावड़ा जैसे आवश्यक सुरक्षा उपकरण भी वितरित किए गए।