-चिपियाना खुर्द में भी प्राधिकरण ने गिराया अवैध निर्माण
-अभियान में 9000 वर्ग मीटर जमीन से हटाया अतिक्रमण

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव के नेतृत्‍व में प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। शुक्रवार को प्राधिकरण की टीम ने हैबतपर के डूब एरिया में बने शिवम एंक्लेव में अवैध निर्माण को ध्वस्त किया। लगभग 7000 वर्ग मीटर जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त करा लिया गया। विगत 16 दिनों में यह ग्रेनो प्राधिकरण की तरफ से अतिक्रमण के खिलाफ छठवीं बड़ी कार्रवाई है। प्राधिकरण के इस अभियान से अधिसूचित एरिया में अवैध निर्माण कर जमीन कब्जाने वालों को टेंशन बढ़ा दी है। शुक्रवार को चलाए गए अभियान में प्राधिकरण ने 9000 वर्ग मीटर जमीन से अतिक्रमण हटाया। एसीईओ ने साफ कहा है कि अधिसूचित एरिया में अनुमति के बिना निर्माण करना अवैध है। उन्होंने जनमानस से अपील की है कि कालोनाइजरों के चंगुल में फंसकर अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं।


डाली जा रही थी सीवर लाइन
अवैध कालोनी बसाने वालों ने सीवर लाइन डालने की तैयारी कर ली थी। परियोजना विभाग के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि एनजीटी के निर्देश पर ग्राम हैबतपुर के खसरा संख्या 209, 210 और 212 की लगभग 7000 वर्ग मीटर जमीन पर बने शिवम एंक्लेव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। परियोजना विभाग के वर्क सर्किल एक के प्रभारी प्रभात शंकर के नेतृत्व में प्रबंधक , सहायक प्रबंधक, टैक्निकल सुपरवाइजर, सुपरवाइजर की टीम ने तीन जेसीबी, तीन डंफर, प्राधिकरण का पुलिस बल के सहयोग से यह कार्रवाई की। इस जमीन पर अवैध बॉउंड्री वॉल, मकान का निर्माण किया जा रहा था। कालोनाइजरों ने सीवर लाइन भी डाल रहे थे। प्राधिकरण ने इसे ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा ग्राम चिपियाना खुर्द के खसरा नंबर -59 में लगभग 2000 वर्गमीटर में अवैध रूप से बने मकान, बाउंड्री वाल को तोड़ दिया गया है।