-प्राधिकरण ने गांव में शुरू कराया डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन
-एकत्र कचरे से उत्‍पाद बनाने का भी होगा काम

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने पूर्व मुख्‍यमंत्री मायावती के गांव बादलपुर में सराहनीय पहल करते हुए बड़ा कदम उठाया है। प्राधिकरण की तरफ से बादलपुर को जीरो वेस्ट एवं आत्मनिर्भर गांव बनाने की दिशा में प्रयास शुरू हो गया है। योजना के तहत गांव में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की औपचारिक शुरुआत हो गई है। प्राधिकरण फीडबैक फाउंडेशन के सहयोग से इस कार्य को करा रहा है। प्राधिकरण से उपलब्ध कराए गए वाहन के जरिए अब घर-घर से नियमित रूप से कचरा एकत्र किया जाएगा, जिससे खुले में कचरा फेंकने की समस्या समाप्त होगी और गांव की स्वच्छता एवं साफ-सफाई में तेजी से सुधार होगा।

बनेंगे उत्‍पाद
योजना को मूर्त रूप देने के‍ लिए स्वास्थ्य विभाग और फीडबैक फाउंडेशन ने बैठक कर निर्णय लिया कि गांव से एकत्र किए गए सूखे कचरे (ड्राई वेस्ट) को गांव के मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर में सेग्रिगेट कर उसे रीसाइकिल किया जाएगा।  जिससे कचरे की मात्रा कम होगी और कचरे से उत्पाद तैयार किए जा सकेंगे। बादलपुर को जीरो वेस्ट गांव बनाने के लिए जनभागीदारी जरूरी है। इसके लिए फीडबैक फाउंडेशन की टीम ने गांव में घर-घर जाकर लोगों को कचरा पृथक्करण (सेग्रीगेशन) के लिए प्रेरित किया। ग्रामीणों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के तरीके समझाए गए तथा स्वच्छ वातावरण और बेहतर स्वास्थ्य के लाभों के बारे में जागरूक किया गया। प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने कहा कि यह प्रयास न केवल बादलपुर की स्वच्छता एवं पर्यावरण सुधार के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि आसपास के अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणादायक मॉडल है।