-अतिथियों ने प्रेस क्‍लब के द्वारा किए जाने वाले कार्यों को सराहा
-सभी ने एक-दूसरे को दी होली की बधाई

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब की तरफ से सम्राट मिहिर भोज सिटी पार्क में होली मिलन समारोह का भव्‍य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आने वाले सभी लोगों का स्‍वागत चंदन का टीका लगा व गुलाब का फूल देकर किया गया। विभिन्‍न सांस्‍कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही क्लासिकल कृष्ण-राधा होली नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर प्रेस क्लब की वार्षिक पत्रिका शब्दमधु का भव्य विमोचन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर जस्टिस सुधीर अग्रवाल, पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ. महेश शर्मा, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह तथा दादरी विधायक तेजपाल नागर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रेस क्लब की पहल की सराहना करते हुए लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

होली की दी बधाई
कार्यक्रम में मथुरा से आए कलाकारों ने मयूर नृत्य, फूलों की होली और राधा-कृष्ण नृत्य प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को ब्रजमय बना दिया। रंग, संगीत और उल्लास से सराबोर इस आयोजन में शहर की महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की और कलाकारों के साथ उत्साहपूर्वक थिरकीं। इस अवसर पर डॉ. महेश शर्मा ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गौतमबुद्धनगर तेजी से विकास की ऊंचाइयों को छू रहे हैं और इसमें प्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि प्रेस समाज का आईना है, और जब यह आईना समाज के सामने से हट जाता है तो निरंकुशता पनपने लगती है तथा अलोकतांत्रिक व्यवस्थाएं अपने पैर फैलाने लगती हैं।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा के पत्रकारों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। प्रेस क्लब ने सौहार्द और एकता का परिचय देते हुए समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों को एक मंच पर आमंत्रित किया है। जनपद के वरिष्ठ और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति प्रेस क्लब की लोकप्रियता को दर्शाती है, और इसी लोकप्रियता के अनुरूप समाज की अपेक्षाओं पर खरा उतरना आवश्यक है। न्यायमूर्ति सुधीर अग्रवाल ने कहा कि विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका लोकतंत्र के तीन स्तंभ हैं, जबकि प्रेस को चौथा स्तंभ माना जाता है। प्रेस पर समाज को जागरूक करने और सुधार की दिशा में कार्य करने की बड़ी जिम्मेदारी होती है। समाज में व्याप्त अनेक विकृतियों को सामने लाने और जनचेतना जगाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। विधायक तेजपाल नागर और जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने भी सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में यमुना प्राधिकरण के एसीओ शैलेन्द्र भाटिया, एडीएम प्रशासन मंगलेश दुबे, एडीएम(वित्त) अतुल कुमार सहित विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, आरडब्ल्यूए, उद्यमी, व्यापार मंडल, इंडस्ट्रियल एसोसिएशन, महिला संगठन तथा शहर के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद थे।