परिवार के साथ 28 फरवरी को दुबई घूमने गए थे 4 लोग
लगातार हो रहे धमाकों के बीच सरकार से की रेस्क्यू की मांग
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: अमेरिका व ईरान में चल रही जंग के बीच दुबई में कई भारतीय पर्यटक भी फंसे हुए हैं। इसमें ग्रेटर नोएडा के रहने वाले चार लोग भी शामिल हैं। यह लोग परिवार के साथ 28 फरवरी को आबूधाबी पहुंचे थे। जिसके बाद से दुबई में विभिन्न स्थानों पर हो रहे हमलों के बीच सभी लोग फंस गए हैं। लगातार होने वाले मिसाइल धमाकों के बीच उन्हें चिंता सता रही है। साथ ही उनके परिवार के लोग भी परेशान हैं। दुबई में फंसे भारतीय पर्यटकों ने सरकार से मांग की है कि उन्हें रेस्क्यू कर जल्द से जल्द निकाला जाए।
होटल के पास धमाका
ग्रेटर नोएडा के रहने वाले कैलाश चंद्र, स्नेहलता, दिनेश नागर व राकेश देवी 28 फरवरी को आबूधाबी पहुंचे थे। जिसके बाद से वहां पर मिसाइल हमले होने लगे। सुरक्षा के लिहाज से यह लोग एक मार्च को दुबई आ गए। कैलाश ने बताया कि जिस होटल में वह लोग रुके हैं उससे लगभग 200 मीटर दूर मिसाइल गिरी थी। धमाके से सभी लोग डरे हुए हैं। सभी लोग होटल में ही कैद हो गए हैं। रिस्क लेकर ही होटल से बाहर निकल रहे हैं। गनीमत है कि 4 मार्च के बाद से कोई धमाका नहीं हुआ है। उनका कहना है कि सभी लोगों को 3 मार्च को वापस भारत आना था लेकिन फ्लाइट न चलने के कारण फंस गए हैं। लाख प्रयास के बाद भी दुबई में यह जानकारी नहीं दी जा रही है कि फ्लाइट कब चलेगी। वहां पर फंसे सभी लोगों ने उम्मीद जताई है कि सरकार जल्द ही उन्हें निकालने के लिए बड़ा निर्णय लेगी।
