द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा वेस्ट की गौर सिटी-2 की एवेन्यू-11 सोसायटी निवासी स्वाति माहेश्वरी ने एक अनोखी कला के ज़रिए न केवल अपने शहर का, बल्कि देश का भी नाम रोशन किया है। एडिबल केक आर्ट में अपनी प्रतिभा के दम पर स्वाति को एशिया ऑस्कर-2025 पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया।

स्वाति माहेश्वरी को यह पुरस्कार “पेंटिंग केक (एडवांस)” श्रेणी में दिया गया। उन्होंने केक पर एडिबल पेंटिंग और 2डी स्कल्पटिंग जैसे अत्याधुनिक और दुर्लभ कला का प्रदर्शन कर निर्णायकों को प्रभावित किया। स्वाति के अनुसार, वह इस पुरस्कार को प्राप्त करने वाली भारत की पहली कलाकार हैं।

कोरोना के दौरान सीखी कला, बनीं अंतरराष्ट्रीय पहचान
स्वाति माहेश्वरी इससे पहले दिल्ली में करीब 13 वर्षों तक फैशन डिजाइनिंग और बुटीक का संचालन करती थीं। कोरोना काल में बुटीक बंद करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। उन्होंने ऑनलाइन माध्यमों से केक आर्ट और पेंटिंग की बारीकियाँ सीखी और उसमें महारत हासिल की। आज उनकी कला भारत ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में सराही जा रही है।

पहले भी मिल चुके हैं कई सम्मान
स्वाति माहेश्वरी की यह पहली उपलब्धि नहीं है। इससे पहले भी उन्होंने कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लिया और पुरस्कार जीते:

-केक स्टार इंटरनेशनल 2022
-केक स्टार इंटरनेशनल बायबोरा (रूस): एकमात्र भारतीय फाइनलिस्ट
-वेडिंग केक कॉम्पीटिशन 2023 (होम बेकर्स इंडिया): तीसरा स्थान
-केकोलॉजी मुंबई 2023: टॉप 10 उभरते कलाकार
-आर्ट ऑफ दे केक (फ्रांस 2023): कांस्य पदक
-अतुल्य भारत अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 2024: कांस्य पदक

पारिवारिक सहयोग बना प्रेरणा
स्वाति अपने परिवार के साथ ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहती हैं। उनके पति और 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली बेटी ने उनके सफर में पूरा साथ दिया। स्वाति मानती हैं कि परिवार के सहयोग और आत्मविश्वास से ही वह इस मुकाम तक पहुँच सकीं।

भारत के लिए गर्व की बात
एशिया ऑस्कर जैसा बड़ा पुरस्कार जीतना भारत के लिए गर्व की बात है, खासकर उस क्षेत्र में, जो अभी तक आम लोगों के बीच उतना लोकप्रिय नहीं था। स्वाति माहेश्वरी की यह उपलब्धि देश के उभरते कलाकारों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।