-हैदराबाद ने अपनी टीम के लिए अर्जुन भाटी को खरीदा
-पूर्व में अंतरराष्‍ट्रीय स्‍तर की विभिन्‍न प्रतियोगिता में अर्जुन मनवा चुके हैं लोहा

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के मायचा गांव के अर्जुन भाटी ने एक बार फ‍िर अपने गांव का नाम रोशन किया है। अर्जुन के हुनर को पहचान कर हैदराबाद की टीम ने उन्‍हें खरीदा है। हैदराबाद की भांति भारत में गोल्‍फ की दस टीम है, प्रत्‍येक टीम में 5-6 खिलाड़ी शामिल हैं। अब अर्जुन हैदराबाद टीम की तरफ से विश्‍व स्‍तर पर होने वाले गोल्‍फ टूर्नामेंट में हिस्‍सा लेंगे। अर्जुन के कामयाबी की खबर मिलते ही उनके परिवार के साथ ही गांव के लोगों में खुशी व्‍याप्‍त हो गई। लोगों ने फोन कर परिवार के लोगों को बधाई दी। लोगों का कहना है कि वतन वापसी पर अर्जुन का भव्‍य स्‍वागत किया जाएगा।

लंदन में हैं अर्जुन
अर्जुन के पिता बॉबी भाटी ने बताया कि प्रतियोगिता की तैयारी के लिए अर्जुन वर्तमान में लंदन में हैं। 4 अप्रैल को वह भारत आएंगे। जिसके बाद साउथ अफ्रीका में होने वाली प्रतियोगिता में हिस्‍सा लेने के लिए 6 अप्रैल को रवाना होंगे। बॉबी भाटी ने बताया कि अगले कुछ माह में इंग्‍लैड, मोरक्‍को, मॉरीशस सहित अन्‍य देशों में गोल्‍फ प्रतियोगिता का आयोजन होगा। हैदराबाद टीम की तरफ से वह भारत का प्रतिनिधित्‍व करेंगे। अगले एक साल तक वह हैदराबाद टीम की तरफ से ही खेलेंगे।