द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: भारत विकास परिषद्, विवेकानन्द शाखा द्वारा नॉलेज पार्क स्थित दिल्‍ली वर्ल्‍ड पब्लिक स्‍कूल में गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम एवं भारत को जानो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों और स्टाफ के अमूल्य योगदान का सम्मान करना और विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सराहना था। कार्यक्रम में कक्षा 1 से 8 तक के 8 अकादमिक टॉपर्स, रघुनन्दन, आशी, सिद्धान्त पांडेय, प्रियल शर्मा, आरव गोयल, आराध्या शर्मा, अर्णव प्रताप, एवं समक्ष रावत को DWPS की निदेशिका कंचन कुमारी, प्रधानाचार्या डाक्‍टर हीमा शर्मा, कोऑर्डिनेटर सोनाली सेठी, भारत विकास परिषद्, विवेकानन्द शाखा के अध्यक्ष विवेक अरोरा, एमिटी विश्वविद्यालय से प्रोफेसर विवेक कुमार, महिला संयोजक प्रेरणा, सह सचिव डाक्‍टर गौरव कुमार, समन्वयक राजीव जैन एवं नबनीता महेश द्वारा सर्टिफिकेट और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

शिक्षकों की भूमिका पर प्रकाश
विवेक अरोरा ने भारत विकास परिषद् का संक्षिप्त परिचय और इसके उद्देश्यों के बारे में जानकारी दी और विद्यार्थियों के निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। प्रोफेसर विवेक कुमार ने विद्यार्थियों को अपने गुरुओं के प्रति आदर और कृतज्ञता की भावना विकसित करने हेतु शपथ दिलाई। कार्यक्रम से पूर्व छठी से बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए भारत को जानो प्रतियोगिता आयोजित हुई। प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग में 200 और सीनियर वर्ग में 308 विद्यार्थियों ने भाग लिया। डॉ गौरव ने बताया कि भारत को जानो प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में अपने देश के प्रति प्रेम, गर्व और समर्पण के भाव को जाग्रत करना है।